दो महीने बाद सामने आए राजेश शर्मा, कहा- मुझे ‘फौजी’ के सेट पर कीड़े ने नहीं काटा! सुनाई अस्‍पताल की आपबीती

दिग्‍गज एक्टर राजेश शर्मा को लेकर इसी साल जुलाई 2026 में तब चिंता बढ़ गई थी, जब खबर आई कि उन्‍हें कीड़े ने काट लिया है और वह कोलकाता के एक अस्‍पताल में भर्ती हैं। तब यहां तक दावा किया गया कि 55 साल के एक्‍टर के पैर में भयानक इन्‍फेक्‍शन हुआ है। यह भी कि कीड़े ने उन्‍हें प्रभास की फिल्‍म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान हैदराबाद में सेट पर काटा। अब दो महीने बाद राजेश शर्मा ने पहली बार इस पर चुप्‍पी तोड़ी है। एक्‍टर ने बताया कि वह अब ठीक हैं। लेकिन ‘फौजी’ के सेट पर कीड़ा काटने वाली बात झूठी थी।

‘खोसला का घोसला’ फेम एक्टर ने ‘एनडीटीवी’ से बातचीत की है। कहा कि उनकी तबीयत खराब होने की वजह दाहिने पैर में इन्फेक्शन और ब्लड शुगर का लेवल बढ़ना था। उन्होंने यह बात जोर देकर कहा कि उनकी इस मेडिकल इमरजेंसी से प्रभास या फिल्म ‘फौजी’ की टीम का कोई लेना-देना नहीं था।

राजेश शर्मा बोले- पैर में पहले से स्किन इन्‍फेक्‍शन था, डायब‍िटीज बढ़ा

राजेश शर्मा जल्‍द ही हनु राघवपुडी के डायरेक्‍शन में बन रही ‘फौजी’ में नजर आएंगे। उन्‍होंने बताया कि कुछ समय से उनके दाहिने पैर में स्किन से जुड़ी समस्या थी। बाद में यह समस्या इन्फेक्शन में बदल गई और डायबिटीज का लेवल बढ़ने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई। उन्होंने आगे कहा, ‘यह गलत खबर है। प्रभास की फिल्म के सेट पर कुछ नहीं हुआ। ना तो प्रभास और ना ही यूनिट इसके लिए किसी भी तरह से जिम्मेदार थे। वे अच्छे लोग हैं। हैदराबाद में शूटिंग के दौरान मेरे साथ कुछ नहीं हुआ।’

‘इलाज पूरा हो चुका है, एक हफ्ते में काम पर लौटूंगा’

‘स्पेशल 26’ के एक्टर राजेश शर्मा ने यह भी बताया कि हैदराबाद में शूटिंग के बाद जब वह कोलकाता लौटे, तब उनकी हालत बिगड़ी। उन्होंने बताया, ‘कोलकाता लौटने के एक-दो दिन बाद ही स्थिति गंभीर हो गई, क्योंकि मेरी डायबिटीज बहुत ज्यादा थी। मैंने शुरू में इसे गंभीरता से नहीं लिया था। मुझे लंबे समय से दाहिने पैर में स्किन की समस्या रही है। वहीं से मुझे यह इन्फेक्शन हुआ है। मेरा इलाज पूरा हो चुका है और अब मैं ठीक हो रहा हूं। मैं एक हफ्ते में काम शुरू कर दूंगा।’

‘फौजी’ के मेकर्स पर उठे थे सवाल

इससे पहले जुलाई महीने में राजेश शर्मा की सेहत को लेकर खूब हंगामा मचा था। दावा किया गया कि उन्‍हें ‘फौजी’ के सेट पर कीड़े ने काट लिया है। सवाल सेट पर स्‍वच्‍छता को लेकर उठे, मेकर्स पर यह भी आरोप लगे कि उन्‍होंने हैदराबाद में एक्‍टर की तबीयत बिगड़ने के बावजूद जिम्‍मेदारी नहीं उठाई। लोगों ने इसको लेकर भी शंका जाहिर की कि आख‍िर राजेश शर्मा को इलाज के लिए हैदराबाद से कोलकाता क्‍यों जाना पड़ा।

राजेश शर्मा की दोस्‍त सुदीपा ने कहा था- कीड़े ने काटा

दरअसल, राजेश शर्मा को कीड़े के काटने से इन्‍फेक्‍शन की खबर उनकी दोस्त सुदीपा चटर्जी ने सोशल मीडिया पर दी थी। इसमें दावा किया था कि रामोजी फिल्म सिटी में प्रभास की फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्टर को किसी कीड़े ने काट लिया था। हालांकि, बाद में शोर मचने पर उन्‍होंने यह पोस्ट डिलीट कर दिया।

राजेश शर्मा ने कहा- सुदीपा ने च‍िंता में वह पोस्‍ट कर द‍िया

राजेश शर्मा ने ताजा इंटरव्‍यू में सुदीपा के दावे पर भी बात की। कहा, ‘वह मेरी अच्छी दोस्त हैं। चिंता के कारण उन्होंने वह पोस्ट किया था। लेकिन उन्हें गलत जानकारी मिली थी।’ हालांकि, सुदीपा के पोस्‍ट डिलीट किए जाने के बाद राजेश शर्मा के परिवार ने भी सेहत की जानकारी दी थी। इसमें बताया गया था कि एक्टर को तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ है। साथ ही दाहिने पैर में तेजी से फैलने वाला इन्फेक्शन भी था।

AICWA ने फौजी के मेकर्स पर उठाए थे सवाल, की थी जांच की मांग

राजेश शर्मा के अस्पताल में भर्ती होने और तबीयत बिगड़ने की बात इस हद तक बढ़ी थी कि ऑल इंडिया वेस्टर्न सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) बीच में कूद पड़ी। फिल्म वर्कर्स एसोसिएशन ने तेलंगाना सरकार से अपील की कि वे एक्टर की मेडिकल इमरजेंसी से जुड़े हालात की ‘तुरंत, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच’ करें। एसोस‍िएशन में फिल्‍म के मेकर्स से भी जिम्‍मेदारी उठाने की मांग की थी।

राजेश शर्मा कौन हैं

राजेश शर्मा एक एक्‍टर हैं और मूल रूप से हिंदी और बंगाली फिल्‍मों में काम करते हैं। लुध‍ियाना में पैदा हुए राजेश ने फ‍िल्मी करियर की शुरुआत गुलजार की 1996 में रिलीज फिल्‍म ‘माचिस’ से की थी। उनकी कुछ खास फ‍िल्मों में दिबाकर बनर्जी की ‘खोसला का घोसला’ (2006), अभिषेक चौबे की ‘इश्किया’ (2010), राज कुमार गुप्ता की ‘नो वन किल्ड जेसिका’ (2011), मिलन लुथरिया की ‘द डर्टी पिक्‍चर’, नीरज पांडे की ‘स्‍पेशल 26’ और कबीर खान की ‘बजरंगी भाईजान’ (2015) शामिल हैं। राजेश शर्मा इस साल 2026 में अब तक ‘भूत बंगला’, ‘कृष्‍णावतारम् पार्ट 1’ और ‘आर्यभट्ट का जीरो’ में नजर आ चुके हैं।

Spread the love