भोपाल, मध्य प्रदेश में 7,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने शेड्यूल जारी किया है। आवेदन 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे।
सफल उम्मीदवारों को गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान प्रदेश के 55 जिलों में अपनी यूनिट चुननी होगी। जिस यूनिट में नियुक्ति मिलेगी, वहां कम से कम 5 साल की सेवा पूरी करना जरूरी होगा। इसके बाद ही दूसरी यूनिट में ट्रांसफर किया जा सकेगा।
अभ्यर्थी को आवेदन में यह भी स्पष्ट करना होगा कि वह आरक्षक (एसएएफ को छोड़कर) या आरक्षक विशेष सशस्त्र बल के पद के लिए आवेदन कर रहा है।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शासकीय रेल पुलिस इंदौर, जबलपुर और भोपाल में भी की जाएगी। परीक्षा केंद्र पर आधार इनेबल्ड बायोमैट्रिक सत्यापन होगा। एक से अधिक शिफ्ट में परीक्षा होने पर अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
पोलेराइड फोटो मान्य नहीं होंगे जो उम्मीदवार आरक्षक भर्ती के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे 6 अक्टूबर की रात 12 बजे तक www.esb.mp.gov.in पर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदक को अपना कलर फोटो, हस्ताक्षर और हाथ से लिखा एक पैराग्राफ स्कैन करना होगा।
जन्मतिथि प्रमाणपत्र के लिए 8वीं, 10वीं या 12वीं की अंकसूची और सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाणपत्र लगाना जरूरी है। प्राथमिकता के आधार पर बोनस संबंधी अंक के लिए एनसीसी या अन्य प्रमाण पत्र लगाने होंगे। कर्मचारी चयन मंडल ने कहा है कि पोलेराइड फोटो मान्य नहीं होंगे।
तय नियमों के मुताबिक आरक्षण
पुलिस आरक्षक भर्ती में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के लिए कुल 700 पद हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के 525, एक्स सर्विसमैन के 70 और होमगार्ड के 105 पद शामिल हैं।
वहीं, विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर सामान्य ड्यूटी के लिए कुल 6800 पद तय किए गए हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के 2720, एक्स सर्विसमैन के 680, होमगार्ड के 1020 और महिलाओं के लिए 2380 पद शामिल हैं।
इस तरह दोनों श्रेणियों को मिलाकर आरक्षक भर्ती में कुल 7500 पद हैं। कुल पदों में 27% अनारक्षित, 27% ओबीसी, 16% एससी, 20% एसटी और 10% ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्था से 10वीं, हायर सेकेंडरी या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा रखी गई है।
शर्तों के मुताबिक, नियुक्ति के बाद अभ्यर्थी को तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा जाएगा। इसके बाद निर्धारित ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा।
19500 से 62000 तक का वेतनमान
भर्ती में चुने गए उम्मीदवारों को 19,500 से 62,000 रुपए तक का वेतनमान मिलेगा। मंडल ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों के दो से अधिक बच्चे हैं और उनमें से किसी एक बच्चे का जन्म 26 जनवरी 2001 या उसके बाद हुआ है, वे नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे।
हालांकि, यदि एक बच्चा जीवित है और उसके बाद के प्रसव में दो या अधिक बच्चे एक साथ जन्म लेते हैं, तो ऐसी स्थिति में उम्मीदवार को अयोग्य नहीं माना जाएगा।