नई दिल्ली: भारत के 15 साल के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी भले ही अभी भारतीय सीनियर टीम की प्लेइंग-11 में पक्के तौर पर जगह न बना पाए हों, लेकिन इतनी कम उम्र में ही उनका नाम भारतीय क्रिकेट ही नहीं, बल्कि वैश्विक खेल जगत में एक बड़ा ब्रांड बन चुका है। महज दो सालों के भीतर वैभव एक नेशनल सेंसेशन और ग्लोबल स्पोर्ट्स स्टार बन गए हैं। 15 साल के एथलीटों में फुटबॉल स्टार लैमिन यमाल के बाद वैभव सूर्यवंशी ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी फैन फॉलोइंग सबसे तेजी से बढ़ी है। सूर्यवंशी की इस तूफानी बल्लेबाजी और तेजी से हुए उभार पर भारतीय क्रिकेटर ध्रुव जुरेल ने खुलकर अपनी राय रखी है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बात करते हुए जुरेल ने वैभव की जमकर तारीफ की और संजू सैमसन या किसी अन्य खिलाड़ी के साथ उनकी तुलना को बेमानी बताया।
ध्रुव जुरेल ने क्या कहा?
टीम में कॉम्पिटिशन और संजू सैमसन से तुलना के सवाल पर ध्रुव जुरेल ने कहा, ‘वह जितनी भी तारीफ का हकदार है, उसे मिलनी चाहिए। जो काम वह कर रहा है, उसकी तो कोई सपने में भी कल्पना नहीं कर सकता। एक 15 साल का बच्चा मैदान पर आकर सभी गेंदबाजों को मार रहा है, यह देखकर बस मुंह से ‘WOW’ निकलता है। सच कहूं तो कोई जलन नहीं है और न ही कोई तुलना है। तुलना तो तब हो जब आपको लगे कि आप भी वैसा कुछ कर सकते हैं। वह समझ से परे स्तर पर बल्लेबाजी कर रहा है।’
ध्रुव जुरेल का भी बल्ले से शानदार प्रदर्शन
दूसरी ओर, ध्रुव जुरेल खुद भी इस समय करियर के बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। हालिया सीरीज में वे देवदत्त पडिक्कल के बाद भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। जुरेल ने सीरीज में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से कुल 173 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में शुरुआत में वे ऋषभ पंत के साथ विकेटकीपर स्लॉट के लिए दावेदार थे, लेकिन बाद में टीम मैनेजमेंट ने उन्हें एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में मौका दिया, जिस पर वे पूरी तरह खरे उतरे हैं।