बॉलीवुड के जाने-माने प्रोड्यूसर वाशु भगनानी की तबीयत बिगड़ गई है, वह इस वक्त लंदन में हैं और उन्हें वहीं एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। यह खबर ऐसे समय में आई है जब दो दिन पहले सोमवार, 28 सितंबर को मुंबई आयकर विभाग ने वाशु और उनकी एक्ट्रेस बहू रकुल प्रीत सिंह से जुड़े 12 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की है। जांच अधिकारियों का मानना है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स को फाइनेंस करने के नाम पर कथित तौर पर विदेश में पैसा भेजा जा रहा है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह सर्च ऑपरेशन टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में है।
वाशु भगनानी को तबीयत क्यों बिगड़ी है, उन्हें क्या हुआ है, इसको लेकर अभी अधिक जानकारी नहीं आई है। दूसरी ओर, मुंबई आयकर विभाग ने सोमवार को हुई जांच के बाद कोई आधिकारिक बयान भी जारी नहीं किया है।
लंदन के अस्पताल में भर्ती हुए वाशु भगनानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाशु भगनानी इस समय लंदन के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की वजह क्या है। जब ANI ने इस मामले में वाशु भगनानी से संपर्क किया, तो उन्होंने अपनी प्राइवेसी बनाए रखने की बात कही और फिलहाल अकेले रहने का अनुरोध किया। उनकी सेहत को लेकर अभी और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इनकम टैक्स की जांच के बीच अस्पताल में भर्ती
वाशु भगनानी की अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे वक्त आई है जब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट कथित विदेशी लेन-देन की जांच कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टैक्स अधिकारी फिल्म प्रोडक्शन और उससे जुड़े खर्चों के लिए किए गए विदेशी पेमेंट्स की जानकारी खंगाल रहे हैं। हालांकि, इन लेन-देन की असल प्रकृति और इसमें कितनी रकम शामिल है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सबसे अहम बात यह है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने अभी तक टैक्स से जुड़े किसी नियम के उल्लंघन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए फिलहाल इसे जारी जांच के तौर पर ही देखा जा रहा है।
भगनानी और रकुल प्रीत सिंह से जुड़े ठिकानों पर हुई थी तलाशी
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने हाल ही में वाशु भगनानी, उनकी बहू रकुल प्रीत सिंहऔर पैनोरमा स्टूडियो से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर तलाशी ली थी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई फिल्म प्रोजेक्ट्स से जुड़े कुछ विदेशी लेन-देन की जांच के तहत की गई। अभी तक विभाग की ओर से तलाशी के नतीजों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में जांच में क्या सामने आया है, इसे लेकर फिलहाल कोई पक्की जानकारी नहीं है।
कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं वाशु भगनानी
वाशु भगनानी ने साल 1995 में पूजा एंटरटेनमेंट की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कई फिल्मों को प्रोड्यूस किया। उनकी फिल्मों में ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘बीवी नंबर 1’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’ और ‘रहना है तेरे दिल में’ जैसी फिल्में शामिल हैं। वाशु भगनानी अपने बेटे जैकी भगनानी के साथ भी प्रोडक्शन कंपनी से जुड़े काम संभालते हैं। उन्होंने ‘सरबजीत’, ‘बेल बॉटम’ और 2024 में रिलीज हुई अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ स्टारर ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी फिल्मों को भी प्रोड्यूस किया है।
पैनोरमा स्टूडियो भी जांच के दायरे में
पूजा एंटरटेनमेंट के अलावा पैनोरमा स्टूडियो भी इस मामले में चर्चा में है। यह कुमार मंगत से जुड़ी अलग प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी से जुड़े कुछ ठिकानों पर भी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने तलाशी ली थी। पैनोरमा स्टूडियो की आने वाली फिल्मों में ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ भी शामिल है, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
जांच के नतीजों का इंतजार
फिलहाल वाशु भगनानी की सेहत और इनकम टैक्स की जांच, दोनों को लेकर ज्यादा आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। विभाग ने तलाशी के नतीजों या किसी टैक्स नियम के उल्लंघन की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। वहीं, वाशु भगनानी की सेहत को लेकर भी आगे की जानकारी का इंतजार है।