मक्का: सऊदी अरब के अधिकारियों ने मक्का की ग्रैंड मस्जिद में आत्मघाती बम हमले की कोशिश की खबरों को खारिज कर दिया है। इसके पहले खबरों में दावा किया गया था कि एक संदिग्ध हमलावर ने ग्रैंड मस्जिद के अंदर आत्मघाती धमाका करने की कोशिश की। रिपोर्ट में कहा गया कि रोके जाने से पहले हमलावर पवित्र काबा के करीब पहुंच गया था। बाद में सऊदी अधिकारियों ने बताया कि इस घटना को लेकर फैलाए जा रहे दावों में कोई सच्चाई नहीं है।
आत्मघाती हमले की खबरों को किया खारिज
सऊदी पब्लिक सिक्योरिटी ने बताया कि पवित्र स्थल पर एक व्यक्ति को राहगीरों को परेशान करने, उनमें घबराहट और डर पैदा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने कहा कि उस व्यक्ति के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई। इसके साथ ही ऑनलाइन फैल रही आत्मघाती हमले की कोशिश की खबरों को साफ तौर पर खारिज कर दिया।
अधिकारियों ने बताया क्या हुआ था?
सऊदी अधिकारियों ने बयान में कहा कि आरोपी व्यक्ति को लोगों को परेशान करने और दहशत फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, न कि बम धमाका करने की कोशिश के आरोप में।