हाथ से बार-बार छिटकी गेंद, केशव महाराज ने नहीं मानी हार, कैच लेने के बाद खुद भी नहीं हुआ भरोसा

डरबन: क्रिकेट के मैदान खिलाड़ी ऐसे कैच लपक लेते हैं, जिन्हें देखकर भरोसा ही नहीं होता। ज्यादातर मौकों पर बाउंड्री लाइन पर कमाल के कैच देखने को मिलते हैं। अभी साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच डरबन के किंग्समीड पर टेस्ट मैच खेला जा रहा है। सीरीज के इस पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज ने भी कुछ ऐसा ही कर दिखाया।

केशव महाराज ने नहीं मानी हार

ऑस्ट्रेलिया के इनफॉर्म बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने केशव महाराज की गेंद को सामने की तरफ खेला। कैच मुश्किल नहीं था लेकिन लपकने के दौरान गेंद हाथ से छिटक गई। वह जमीन पर गिरने लगी तो केशव महाराज ने हाथ से ऊपर की तरफ उछाल दिया। हालांकि उनका बैलेंस पूरी तरह बिगड़ चुका था। इसके बाद गेंद कंधे से टकराकर नीचे की ओर जाने लगी।

ऐसा लग रहा था कि गेंद अब जमीन पर गिर जाएगी, लेकिन महाराज ने आखिरी पल तक कोशिश जारी रखी। उन्होंने तुरंत हाथ गेंद के नीचे लगाए और जमीन पर गिरने से पहले ही उसे लपक लिया। इस तरह उन्होंने मुश्किल हालात में एक शानदार कैच पकड़कर रेनशॉ की पारी का अंत कर दिया।

82 रन बनाकर आउट हुए रेनशॉ

ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज मैट रेनशॉ 82 रन बनाकर आउट हुए। 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे बाएं हाथ के बल्ले से 99 गेंदों का सामना किया और 7 चौकों के अलावा 2 छक्के मारे। पहली पारी में रेनशॉ ने शानदार 190 रन बनाए थे। उनकी पारी की वजह से ही 230 रनों पर 8 विकेट खोने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया की टीम 390 रनों तक पहुंच गई थी।

साउथ अफ्रीका मुश्किल में

ऑस्ट्रेलियाई टीम किंग्समीड में जारी टेस्ट सीरीज के इस पहले मैच में जीत से महज 6 विकेट दूर है। मेजबान टीम के सामने 421 रनों का विशाल लक्ष्य रखने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन की समाप्ति तक साउथ अफ्रीका के 4 विकेट हासिल कर लिए हैं। साउथ अफ्रीका को मैच बचाने के लिए 319 रन बनाने होंगे या आखिरी दिन ऑलआउट नहीं होना होगा।

Spread the love