नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। टी20 के अलावा टीम वहां वनडे और टेस्ट सीरीज भी खेलेगी। इन दोनों सीरीज के लिए टीम के चयन में देरी हो सकती है। टीम के तीन प्रमुख खिलाड़ी प्रसिद्ध कृष्णा , हर्षित राणा और ऋषभ पंत चोटिल हैं। चयनकर्ताओं ने इन तीनों की फिटनेस पर नजर रखी है। माना जा रहा है कि इन तीनों खिलाड़ियों की स्थिति साफ होने के बाद ही टीम का ऐलान किया जाएगा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
प्रसिद्ध कृष्णा और पंत की फिटनेस पर नजर
प्रसिद्ध कृष्णा 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान गेंदबाजी करते हुए असहज महसूस करने लगे थे। इसके बाद वह मैच से बाहर चले गए। उन्होंने बाएं हैमस्ट्रिंग में परेशानी थी। इसके बाद उन्हें बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया, जहां उन्हें फिटनेस हासिल करने के लिए करीब तीन सप्ताह का समय दिया गया है।
हर्षित राणा भी लंबे समय से बाहर चल रहे हैं
तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हर्षित राणा जुलाई से ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं। सितंबर में उन्हें वापसी करनी थी लेकिन रिटर्न टू प्ले प्रोटोकॉल के तहत हुए मैच सिमुलेशन के दौरान उन्हें चोट लग गई। सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘पंत और कृष्णा दोनों की चोटें शुरू में गंभीर नहीं लग रही हैं। लेकिन सीओई कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। इसीलिए जब वे सीओई पहुंचे तो उन्हें ठीक होने के लिए तीन हफ्ते का समय दिया गया। सेलेक्टर और टीम मैनेजमेंट हर्षित को दोनों फॉर्मेट में शामिल करना चाहते हैं और उन्हें नंबर 8 पर बैटिंग करने वाले सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर एकदम सही माना जा रहा है।’