नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपने खेल के साथ-साथ मजेदार अंदाज को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। इस बार उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एयरपोर्ट पर पैपराजी को खास सलाह देते नजर आए।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय भी बने। भारतीय टीम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और सम्मान समारोह के लिए नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर उन्हें देखते ही पैपराजी ने उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वैभव ने भी खुशी-खुशी पोज दिए। वैभव ने कहा, ‘रील के चक्कर में ठुक जाओगे।’
वैभव को नहीं मिल पा रहा मौका
एशियन गेम्स में भारतीय टीम एक अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतर रही थी। वहां की पिच स्पिनर की मददगार थी। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल जा रहा था। उन्होंने सेमीफाइनल में 38 और फाइनल में 15 रनों की पारी खेली थी। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में वह बेंच पर बैठे हैं। भारतीय टीम अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत कर रही है।
अभिषेक और संजू दोनों रन भी बना रहे हैं। इंग्लैंड में संजू सैमसन के फेल होने के बाद वैभव को डेब्यू करने का मौका मिला था लेकिन वहां पर भी कुछ नहीं कर पाए। जिम्बाब्वे दौरे पर दो फिफ्टी लगाकर वैभव ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड अपने नाम किया था। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु में खेला जाना है। उस मैच में भी वैभव के खेलने का चांस काफी कम नजर आ रहे हैं।