वॉशिंगटन: अमेरिका में बैठकर भारत के खिलाफ जहर उगलने वाले खालिस्तान समर्थक चरमपंथी गुरपतवंत सिंह पन्नू को जान की सुरक्षा का डर सता रहा रहा है। पन्नू ने अमेरिकी मीडिया आउटलेट CBS न्यूज को बताया कि FBI ने उसे इस बारे में चेतावनी दी है। पन्नू ने कहा कि गुरुवार को अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (FBI) के एजेंट उसके न्यूयॉर्क स्थित घर पहुंचने और चेतावनी दी कि उनकी जान को तत्काल खतरा है। पन्नू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत ने पीएम मोदी की कनाडा यात्रा का ऐलान किया है।
जनमत संग्रह कराने की तैयारी
भारत में वांटेड चल रहे पन्नू का प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) 18 अक्टूबर को कनाडा के एडमंटन में एक जनमत संग्रह आयोजित करने की योजना बना रहा है। इसमें पूछा जाएगा कि क्या भारत के पंजाब राज्य को स्वतंत्र घोषित करके उसका नाम बदलकर खालिस्तान कर दिया जाना चाहिए। इस मुद्दे पर मतदान के लिए सिखों को आमंत्रित किया गया है।
FBI ने दी पन्नू को खतरे की चेतावनी
पन्नू ने दावा किया कि एफबीआई एजेंटों ने बताया कि वे खतरे से जुड़े कुछ सुरागों की जांच कर रहे हैं। यह खतरा कनाडा की संभावित यात्रा से जुड़ा है, जहां पन्नू को एक जनमत संग्रह में हिस्सा लेना है। CBS ने बताया कि FBI ने उसकी टिप्पणी के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया है।