मिनी स्टेडियम बीजापुर में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे रहीं मुख्य अतिथि

बीजापुर। जिले में गणतंत्र दिवस के गरिमामय आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य समारोह स्थल मिनी स्टेडियम, बीजापुर में गणतंत्र दिवस का अंतिम रिहर्सल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर संबित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंतिम रिहर्सल में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक किया गया। रिहर्सल के दौरान सीआरपीएफ, सशस्त्र बल, नगर सेना (पुरुष एवं महिला), जिला बल (पुरुष एवं महिला), एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड की कुल 10 टुकड़ियों द्वारा परेड की सलामी दी गई।

रिहर्सल में मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर ध्वज फहराने, परेड निरीक्षण, माननीय मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन, गुब्बारा विमोचन, हर्ष फायर, मार्च पास्ट, शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, परेड कमांडरों के साथ फोटो सेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी प्रदर्शन तथा पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र वितरण सहित समस्त गतिविधियों का सफल अभ्यास किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर संबित मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप होंगे मुख्य अतिथि  : 

जिला मुख्यालय में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में ध्वज फहराएंगे। कलेक्टर संबित मिश्रा ने बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

Spread the love