भोपाल। नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठते सवालों के बीच अब विभाग की अंदरूनी खींचतान भी सार्वजनिक हो गई है। जोन-8 के प्रभारी एएचओ रविन्द्र यादव और तत्कालीन अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से बहुप्रसारित हो गया। इस ऑडियो में एएचओ अपने ही विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते और मौजूदा अधिकारियों को कठघरे में खड़ा करते सुनाई दे रहे हैं।
मौजूदा कार्यशैली पर सवाल और पूर्व अधिकारियों की तारीफ
ऑडियो में एएचओ कहते हैं कि आपके जाने के बाद पूरी नगर निगम ढीली हो गई है, कोई सुनवाई करने वाला नहीं है और शहर गंदगी से परेशान है। इसके साथ ही वे वर्तमान अधिकारियों की आलोचना करते हुए तत्कालीन निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण और अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान की जमकर तारीफ करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि देवेन्द्र सिंह चौहान हाल ही में निजी प्रवास पर भोपाल आए थे। इसी दौरान देवेंद्र सिंह चौहान की जोन आठ के प्रभारी एएचओ से मोबाइल पर बात हुई, जो बाद में बहुप्रसारित हो गई।
निगम महकमे में हड़कंप, आयुक्त के कदम पर टिकी नजरें
ऑडियो सामने आने के बाद निगम महकमे में हड़कंप मच गया है। यह मामला नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन तक पहुंच चुका है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम पर संबंधित एएचओ से संपर्क नहीं हो सका। दूसरी ओर कुछ कंसल्टेंट और एनजीओ एएचओ के समर्थन में सामने आए हैं और इसे निजी बातचीत को सार्वजनिक करने का मामला बता रहे हैं। अब सबकी नजर निगम आयुक्त के अगले कदम पर टिकी हुई है।