कानपुर में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार लोडर ने ली पति-पत्नी की जान, आरोपी चालक फरार

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से दर्दनाक घटना सामने आई है। तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। मौके पर पति की मौत हो गई। वहीं घायल पत्नी को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, चकेरी थाना क्षेत्र के मंगलाविहार अंडरपास के पास रविवार को पति-पत्नी बाइक से जेठ के घर जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घायल महिला को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। चकेरी सनिवगां निवासी चंद्रपाल सिंह यादव(43) रूमा स्थित फैक्टरी में काम करते थे।

बेटे आशीष ने बताया कि पिता चंद्रपाल और मां अनीता देवी(40) रविवार को दामोदर में अपने जेठ के घर जा रहे थे। दोनों को बड़ी पुलिया अंडरपास के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की शोर मचाने पर ड्राइवर मौके से भाग निकला। इस दौरान पिता चंद्रपाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं, मां को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख हैलट रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

इस संबंध में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि हादसे की खबर मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस तो आरोपी ड्राइवर लोडर छोड़कर फरार हो गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love