नई दिल्ली: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल 2026 से पहले ईडन गार्डन्स में अपनी शानदार फॉर्म का ट्रेलर दिखा दिया है। एक प्रैक्टिस मैच के दौरान रहाणे ने तेज गेंदबाज नवदीप सैनी की गेंद पर जो गगनचुंबी छक्का जड़ा, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।
रहाणे का विंटेज अवतार, 20 गेंदों में फिफ्टी
प्रैक्टिस मैच में फिन एलन के साथ ओपनिंग करने उतरे रहाणे ने महज 20 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रहाणे ने नवदीप सैनी की लेग स्टंप पर आई गेंद को फ्लिक करते हुए डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से एक विशाल छक्का जड़ा। पिछले सीजन में नंबर 3 पर खेलते हुए रहाणे केकेआर के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और इस बार वे ओपनिंग में हाथ आजमाते दिख रहे हैं।
बदली हुई KKR और रहाणे की जिम्मेदारी
केकेआर इस साल एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। अभिषेक नायर नए हेड कोच बने हैं, जबकि आंद्रे रसेल और वेंकटेश अय्यर जैसे पुराने दिग्गज अब टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में रहाणे पर न केवल कप्तानी का दबाव है, बल्कि टॉप-ऑर्डर में रन बनाने की मुख्य जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर है। 2025 में टीम के 8वें स्थान पर रहने के बाद कप्तानी को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन फ्रैंचाइजी ने उन पर भरोसा बरकरार रखा है।
कप्तानी को लेकर क्या बोले रहाणे
अपनी कप्तानी और रोल पर बात करते हुए रहाणे ने कहा, ‘मैं पिछले साल से टीम का नेतृत्व कर रहा हूं और इस जिम्मेदारी के लिए फ्रैंचाइजी का आभारी हूं। मेरा माइंडसेट हमेशा से चुनौतियों को सकारात्मक रूप से लेने का रहा है। चाहे मुश्किल समय हो, मैं एक खिलाड़ी और कप्तान के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं।’