अकासा एयरलाइंस:इमरजेंसी लैंडिंग के बाद भी नहीं बच सकी यात्री की जान

वाराणसी से मुंबई जा रही अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट की गत दिवस मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। एक बुजुर्ग यात्री सफर के दौरान सीट से गिरकर बेहोश हो गए थे। इस वजह से गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे फ्लाइट राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड कराई गई। इसके बाद 82 साल के दशरथ गिरी को एंबुलेंस से हमीदिया हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक वाराणसी के रहने वाले थे। उन्हें इलाज के लिए ही मुंबई ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में मौजूद एक डॉक्टर ने भी बुजुर्ग की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें बचाने का प्रयास किया, जो असफल रहा।

जानकारी के अनुसार फ्लाइट ने सुबह 9:50 बजे वाराणसी से टेकऑफ किया था और दोपहर 12:50 बजे उसे मुंबई में लैंड होना था। इमरजेंसी लैंडिंग के कारण यह फ्लाइट शाम करीब 6:00 बजे रवाना की जा सकी।

Spread the love