कमाल का शेयर, हर रोज लग रहा है अपर सर्किट, महीने भर में रिटर्न

मुंबई: ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग, सॉफ्टवेयर और बिजनेस सोल्यूशन कंपनी सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज ( Silverline Technologies ) के शेयरों में इन दिनों जैसे पंख लग गए हैं। बीते 27 जनवरी के बाद से इस शेयर में हर रोज अपर सर्किट लग रहे हैं। पिछले एक महीने में ही यह शेयर करीब 70 फीसदी चढ़ चुका है। वजह जान कर आप भी हैरान रह जाएंगे।

क्या आई है खबर

न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज (NYSE) में लिस्ट होने वाली यह भारत की पहली कंपनी सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को पहले सिल्वरलाइन इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Silverline Industries Limited) के रूप में जाना जाता था। इसने इसी महीने की दो तारीख को एआई-सक्षम वेब प्लेटफॉर्म "सिल्वरएआई" डेवलप किया। इसे ग्राहकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। बताया जाता है कि इस प्लेटफॉर्म पर एक सप्ताह के अंदर ही करीब 25 हजार यूजर्स रजिस्टर्ड हुए। कंपनी का अनुमान है कि इस पर 45 दिनों में 5 लाख यूजर्स हो जाएंगे। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कंपनी ने प्रो की मेम्बरशिप फी को घटाकर 9 डॉलर प्रति यूजर करने वाली है।

रेवेन्यू में भारी बढ़ोतरी

कंपनी का अनुमान है कि 9 डॉलर प्रति यूजर प्रति माह के साथ यदि 5 लाख यूजर्स जुड़ जाते हैं तो उसकी वार्षिक रेवेन्यू क्षमता 430 से 450 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी। यही नहीं, कंपनी ने प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देने और यूजर्स की सहभागिता बढ़ाने के लिए अगले छह महीनों तक सभी यूजर्स को लागू नियमों और शर्तों के अधीन सिल्वर एआई के प्रो संस्करण फ्री में देने का निर्णय लिया है।

क्या कहना है कंपनी का

सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के एमडी याकिन जोशी का कहना है, “वर्तमान उपयोग की गति के आधार पर कंपनी सिल्वर एआई के प्रो संस्करण के लिए मात्रा-आधारित मूल्य निर्धारण मॉडल का मूल्यांकन कर रही है। अगले 45 दिनों के भीतर लगभग 5,00,000 पंजीकृत यूजर्स के लक्ष्य को प्राप्त करने पर, कंपनी प्रो सदस्यता (Pro Membership) की कीमत 9 अमेरिकी डॉलर प्रति यूजर्स प्रति माह निर्धारित करने की योजना बना रही है, जिसका उद्देश्य व्यापक स्तर पर उपयोग को बढ़ावा देना और उच्च रूपांतरण दर प्राप्त करना है। इस मूल्य स्तर पर, कंपनी के पास 54 मिलियन अमेरिकी डॉलर का मासिक राजस्व प्राप्त करने की क्षमता है, जो पूर्ण प्रो संस्करण के उपयोग को मानते हुए कंपनी के लिए 430-450 करोड़ रुपये के सांकेतिक वार्षिक राजस्व क्षमता में तब्दील होता है।

क्या है शेयर का भाव

बीएसई में कल सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज के शेयर 13.31 रुपये पर बंद हुए थे। आज सुबह यह 5 फीसदी चढ़ कर 13.97 रुपये पर खुले। यही आज के लिए इसका अपर सर्किट है। बीते एक महीने में देखें तो इस शेयर ने निवेशकों को 69.95 फीसदी का रिटर्न दिया है। बीते 12 जनवरी को इसका भाव 8.22 रुपये था।

न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग

इस कंपनी की स्थापना साल 1992 में हुई थी। कंपनी के पास एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और आईटी कंसल्टिंग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। 2019 से, कंपनी ने उभरती प्रौद्योगिकियों, रणनीतिक साझेदारियों और एआई, क्लाउड, साइबर सुरक्षा, एसएपी, एनालिटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म में निवेश का लाभ उठाते हुए विश्व स्तर पर प्रभावशाली, नवाचार-आधारित समाधान प्रदान किए हैं। यह NYSE में लिस्ट होने वाली भारत की पहली कंपनी थी। सिल्वरलाइन टेक्नोलॉजीज़ को साल 2002 में NASSCOM द्वारा भारत की सातवीं सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी का दर्जा दिया गया था।

Spread the love