सुकमा । जिला प्रशासन सुकमा द्वारा संवेदनशील और सराहनीय पहल का एक भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शाखा, जिला सुकमा में पदस्थ जलवाहक आसमान माँझी को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) प्रदान किया गया।
आसमान माँझी का शासकीय सेवाकाल वर्ष 1988 से 30 जनवरी 2026 तक रहा, जिसमें उन्होंने लगभग 39 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ शासकीय सेवा की। सुकमा जैसे दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित जिले में लंबे समय तक सेवा देने के पश्चात सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त सेवानिवृत्ति स्वत्वों के भुगतान का प्रमाण पत्र प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत भावुक क्षण बन गया।
कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर द्वारा कलेक्टर कक्ष में माँझी को पीपीओ प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रशासन की संवेदनशीलता और कर्मचारियों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। पीपीओ प्राप्त करते समय आसमान माँझी भावुक हो उठे और उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन तथा जिला प्रशासन, विशेष रूप से कलेक्टर अमित कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त औपचारिकताओं का पूर्ण होना उनके जीवन का अविस्मरणीय क्षण है।