‘बिग बॉस 17’ में नजर आए पॉपुलर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल ने हाल ही एक पोस्ट में कुछ करीबी लोगों पर धोखा देने और टॉर्चर करने का आरोप लगाया था। यह तक कहा था कि कुछ लोग उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं और इस हद तक उन्हें टॉर्चर किया है कि जीने लायक नहीं छोड़ा। अब अनुराग डोभाल ने दो घंटे का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें माता-पिता पर टॉर्चर करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा है कि उनसे उनका रुपया-पैसा, रिश्ते सब छीन लिए गए। यहां तक कि पत्नी रितिका भी छोड़कर जा चुकी है। अनुराग डोभाल ने कहा है कि जिन-जिन लोगों ने उन्हें टॉर्चर किया है, वह उन सभी को एक्सपोज करेंगे। इस वीडियो में अनुराग ने उन तीन लोगों के नाम भी बताए हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा टॉर्चर किया।
अनुराग डोभाल के इस वीडियो ने फैंस को डरा दिया है। इसे उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है। इसमें अनुराग ने बताया है कि जिंदगी में क्या कुछ सहा। यह भी बताया कि वह सुसाइड की कोशिश कर चुके हैं। अनुराग ने कहा कि यह उनका आखिरी वीडियो है और अब वह यूट्यूब भी छोड़ रहे हैं। वीडियो में अनुराग डोभाल रोते हुए और एकदम टूटे नजर आ रहे हैं। उनकी हालत देख हर कोई सन्न है। अनुराग ने यह भी कहा कि वीडियो के साथ वह ड्राइव में सबूत भी अपलोड करेंगे ताकि उनके मरने के बाद कोई यह न सोचे कि वह झूठ बोलकर गए।
ब्रेन ट्यूमर से जंग, फिर घरवालों का प्रेशर
वीडियो में अनुराग डोभाल बोले, ‘पिछले कुछ महीनों में मेरी जिंदगी इतनी बुरी तरह बदली है कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी ऐसे पटक के छोड़ेगी। जब आप सोचते हो कि आपकी जिंदगी में खुशियां, खुशियां और खुशियां ही होंगी, पर तभी…जब 14 साल का था, तो ब्रेन ट्यूमर हो गया था। उसे झेला। बड़ा हुआ तो फिर घरवालों का प्रेशर झेला। स्कूल-कॉलेज में पढ़ाना शुरू करा, ट्यूशन पढ़ाना शुरू करा। मैं अपने घरवालों के लिए मेहनत कर रहा था। सबकी ख्वाहिशें पूरी कीं, अपनी ख्वाहिशों से पहले। मुझे नहीं पता था कि मेरा आखिरी व्लॉग ऐसे बनेगा।’
शादी से 5 दिन पहले सब बदल गया, मां-बाप का टॉर्चर
अनुराग ने बताया कि वह रितिका से इंस्टाग्राम पर मिले थे। वह उनकी फैन थी। धीरे-धीरे दोनों को प्यार हुआ और फिर बात शादी तक पहुंची। अनुराग ने बताया कि शुरू में उनके घरवाले मान नहीं रहे थे क्योंकि वह इंटर कास्ट मैरिज कर रहे थे। फिर मान गए, लेकिन शादी से 5 दिन पहले सब बदल गया। अनुराग ने कहा कि उन्होंने घरवालों को खूब मनाने की कोशिश की, पर मम्मी-पापा ने सबके सामने हाथ जुड़वाए और सॉरी बुलवाया। अनुराग ने कहा कि उनके पास अब कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कुछ नहीं खाया है और वह एकदम पागलों वाली स्टेज पर हैं।
‘न खाया और ना ही सोया हूं, पागल हो चुका हूं’
अनुराग डोभाल बोले, ‘बात की घर में, मनाया। नहीं मान रहे थे शुरू में। हर घरवालों का होता है कि उन्हें अपनी मनपसंद से लड़की लेकर आनी होती है। तो फिर वो मान गए। लेकिन शादी से 6 दिन पहले पता नहीं क्या हुआ, उन्होंने कहा कि नहीं, हम तेरी शादी में नहीं आएंगे। हम इस शादी से खुश नहीं हैं। मैंने पूरी शादी अकेले मैनेज की है। मैं तीन लोगों के नाम लेना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे सबसे ज्यादा टॉर्चर किया है। मैं इस व्लॉग के नीचे एक ड्राइव लिंक अपलोड करूंगा जिसमें सारे सबूत होंगे, ताकि ये ना हो कि अनुराग मरने से पहले कुछ भी झूठ बोलकर चला गया। मैं वो लड़का नहीं था जो हार मान जाए, लेकिन अभी आज की डेट पर शायद मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है। आज दिन तक मैंने कुछ खाया नहीं है, ना ही सोया हूं। मैं पागलों वाली स्टेज में पहुंच चुका हूं। मैं लगभग पागल हो चुका हूं।’
‘मम्मी-पापा ने बोला- न हम खुश रहेंगे, ना तुझे रहने देंगे’
अनुराग डोभाल ने फिर रितिका संग शादी की बात बताई और कहा कि कैसे घरवालों ने रितिका को घर में आने से मना कर दिया। वह बोले, ‘पांच दिन पहले घरवालों ने शादी में आने से मना कर दिया, और कह दिया कि हम नहीं आ रहे तेरी शादी में। मेरे से हाथ जुड़वाए, पैर पकड़वाए गए। मेरे से सॉरी बुलवाया गया सारे रिश्तेदारों के सामने। पापा और मम्मा ने इस लेवल तक टॉर्चर किया है कि बोला कि ना हम खुश रहेंगे, ना तुझे खुश रहने देंगे। सिर्फ इसलिए क्योंकि मैंने इंटर-कास्ट मैरिज की थी। मम्मा-पापा ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने रितिका को घर में नहीं आने दिया। तीन तारीख को मेरी शादी हुई। उन्होंने मुझसे कहा कि इस लड़की को लेकर घर मत आना। मैं कहां जाता उस लड़की को लेकर? मैंने इस उम्मीद में घर छोड़ दिया कि चलो एक दिन सब ठीक हो जाएगा।’
‘भाई ने बोला-तूने घरवालों का नाम डुबा दिया’
अनुराग आगे बोले, ‘मेरे भाई कलम ने बोला कि भाई तू जितना घर पे रहेगा, तू कुछ भी कर ले पर पापा तेरे से खुश नहीं होने वाले। मैंने कहा कि यार ऐसा क्या कर दिया मैंने कि पापा मुझसे खुश नहीं होने वाले? तो कलम ने कहा तूने घरवालों का नाम डुबा दिया। नाम कैसे डुबा दिया? मैं एक ब्राह्मण था और मैंने एक राजपूत से शादी की थी। तो मुझे तो नहीं लगा कि इंटर कास्ट मैरिज से मैंने घरवालों का नाम डुबा दिया। मुझे न तो मां-बाप का प्यार मिला और ना ही भाई और बीवी का प्यार मिला।’
मम्मी की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की
अनुराग डोभाल ने बताया कि उनसे कहा गया था कि तू घर मत आना, अगर कुछ भी हुआ तो पापा की डेथ हो जाएगी और फिर सब तेरे ऊपर आएगा। अनुराग के मुताबिक, भला वह कौन अपने बाप को मरते देखेगा। इसलिए वह घर नहीं गए, पर खुद ही सुसाइड की कोशिश की। अनुराग ने बताया कि मम्मी के लिए वह जो साड़ी खरीदकर ले गए थे, उसी को बांधकर फांसी लगाने की कोशिश की, पर हिम्मत नहीं हुई। वह यह सोचकर रुक गए कि अगर वह नहीं रहे तो मम्मी-पापा का क्या होगा।
‘मेरी मौत के जिम्मेदार मम्मी-पापा, भाई और श्रेया होंगे’
अनुराग डोभाल ने फिर कहा, ‘मैं बस इतना कहूंगा कि मेरी मौत के जिम्मेदार मेरी मम्मी, पापा, भाई कलाम इनक और श्रेया होंगे। मैं अब इतना रो लिया हूं कि आंसू भी खत्म हो चुके हैं। अब सब खत्म हो गया यार। कभी-कभी दिल में इतना दर्द होता है कि मैं अब मर जाऊंगा। शायद ये मेरा आखिरी वीडियो होगा। मैं बस अब सोना चाहता हूं। मुझे सोए हुए चार दिन हो गए हैं और पागल हुए जा रहा हूं। मेरा दिमाग खत्म हो चुका है।’