टेक कंपनियां इन दिनों AGI यानी कि आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस बनाने की होड़ में लगी हैं, जो इंसानों से भी बेहतर काम कर सके। इस रेस के बीच बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि जब सारा काम भविष्य में मशीनें ही संभाल लेंगी, तो फिर करोड़ों बेरोजगारों का क्या होगा? इस संकट से निपटने के लिए एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई ने बेहद चौंकाने वाला सुझाव दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने बेरोजगारी के तनाव से निपटने के लिए वीडियो गेम्स खेलने का सुझाव दिया था। यह सुझाव उनकी ओर से तब आया था, जब वे OpenAI में थे।
डारियो अमोदेई का सुझाव
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार डारियो अमोदेई OpenAI में काम करते हुए कहा था कि एआई की वजह से होने वाली बेरोजगारी और उससे पैदा होने वाले राजनीतिक तनाव को वीडियो गेम्स से शांत किया जा सकता है। हालांकि यह कोई ऑफिशियल प्रस्ताव नहीं था और न ही उन्होंने यह साफ किया था कि असल में यह सिस्टम कैसे काम करेगा।
इमर्सिव वीडियो गेम्स एआई की वजह से होने वाली बेरोजगारी से पैदा हुए राजनीतिक तनाव को कम करने में मदद कर सकते हैं।
इमर्सिव वीडियो गेम्स एआई की वजह से होने वाली बेरोजगारी से पैदा हुए राजनीतिक तनाव को कम करने में मदद कर सकते हैं।
डारियो अमोदेई, सीईओ, एंथ्रोपिक
वीडियो गेम कैसे पूरी करेंगे काम की कमी?
भले यह विचार साइंस-फिक्शन फिल्मों जैसा लगे कि काम मशीनें संभाल रही हैं और लोग वीडियो गेम खेल रहे हैं लेकिन इसके पीछे एक गहरी चिंता छिपी है। दरअसल नौकरी सिर्फ पैसा कमाने का जरिया नहीं बल्कि लोगों को एक दिनचर्या में बांधे रखने का तरीका भी है।
ऐसे में AI की वजह से नौकरियां जाने के अलावा एक समस्या उससे पैदा होने वाले खालीपन और उद्देश्यहीनता की भी हो जाएगी।
डारियो अमोदेई और उनकी बहन का संकल्प
इस रिपोर्ट में एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई और कंपनी की प्रेसिडेंट और उनकी बहन डेनिएला अमोदेई के एक संकल्प से बारे में भी बताया गया है। कंपनी के IPO डॉक्यूमेंट्स के अनुसार दोनों भाई-बहनों और पांच अन्य सह-संस्थापकों ने कंपनी में अपनी निजी हिस्सेदारी का 80 प्रतिशत परोपकारी कामों में दान करने का संकल्प लिया है।
हालांकि, डॉक्यूमेंट में यह भी साफ किया गया है कि यह संकल्प पूरी तरह स्वैच्छिक है, इसे वापस लिया जा सकता है और यह कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं है।
समाज के सामने बड़ा सवाल
अमोदेई का वीडियो गेम वाला विचार अजीब लग सकता है लेकिन एक जरूरी बहस को हवा जरूर देता है। आने वाले समय में एआई कंपनियों, सरकारों और कामगारों को इस सवाल का जवाब ढूंढना ही होगा कि जब AI सभी काम संभाल लेगा, तो लोगों के पास न सिर्फ कमाई का जरिया बल्कि समाज में एक सार्थक भूमिका और उद्देश्य कैसे बना रहेगा।