कोलकाता: कप्तान के रूप में किसी खिलाड़ी का डेब्यू होना काफी दुर्लभ चीज है। 17 साल के विकल्प तिवारी को ऐसा ही मौका मिला है। वह छत्तीसगढ़ के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने टी20 डेब्यू किया। अपने डेब्यू मैच में ही वह टीम के कप्तान थे। उत्तराखंड के खिलाफ तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे विकल्प ने सिर्फ 17 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली। अब अपने तीसरे मैच में उन्होंने शतक ठोक दिया है।

विकल्प तिवारी ने 119 रनों की पारी खेली

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में विकल्प तिवारी ने ओडिशा के खिलाफ शतक ठोक दिया है। कोलकाता में दोनों टीमों की टक्कर हुई। छत्तीसगढ़ के दोनों ओपनर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। तीसरे नंबर पर उतरे विकल्प के बल्ले से 44 गेंदों पर शतक निकला। उन्होंने अपनी पारी में 56 गेंदों का सामना किया और 119 रन ठोके। रिटायर्ड हर्ट होने से पहले उन्होंने 18 चौकों के अलावा तीन छक्के मारे।
विकल्प टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं। उनकी उम्र 17 साल और 55 दिन है। वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल और 32 दिन की उम्र में शतक लगाया था। हालांकि वह टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के कप्तान बन चुके हैं।

टी20 में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के कप्तान

17 साल और 55 दिन - विकल्प तिवारी (छत्तीसगढ़ vs ओडिशा, 2026)
20 साल और 219 दिन - ईशान किशन (झारखंड vs जम्मू-कश्मीर, 2019)
20 साल और 221 दिन - ईशान किशन (झारखंड vs मणिपुर, 2019)
20 साल और 244 दिन - रहमानुल्लाह गुरबाज (ईगल्स vs स्टार्स, 2022)
लिस्ट ए क्रिकेट में भी शतक बना चुके

विकल्प तिवारी ने 15 साल की उम्र में ही लिस्ट ए डेब्यू किया था। 6 लिस्ट ए मैच में वह 38 की औसत से 193 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 139 का है। उनकी सबसे बड़ी पारी 112 रनों की है। 6 मैचों के फर्स्ट क्लास करियर में बाएं हाथ के बल्ले से 30 की औसत से 302 रन हैं। बल्लेबाजी के साथ ही वह बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। जून में खत्म हुए छत्तीसगढ़ की टी20 लीग में उन्होंने सबसे ज्यादा 351 रन बनाए थे। विकल्प ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था।

ओडिशा के खिलाफ मुकाबले को छत्तीसगढ़ ने 51 रनों से अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए विकल्प के शतक की मदद से टीम ने 4 विकेट पर 228 रन बनाए। अजय जादव मंडल ने 28 गेंद पर 50 रनों की पारी खेली। ओडिशा की टीम 8 विकेट पर 177 रन ही बना सकी। कार्तिक बिस्वाल ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। तीन मैच में छत्तीसगढ़ की यह दूसरी जीत है। वहीं ओडिशा को तीनों मैचों में हार मिली है।