क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 के ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद से जुड़े खिलाड़ियों और स्टाफ़ को अपना पक्ष रखने का मौक़ा देने के लिए एक प्लेटफॉर्म बनाया है.
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह मामले की दोबारा जांच नहीं है और न ही इसका मक़सद किसी को सज़ा देना है. इसमें शामिल होना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा.
यह क़दम पूर्व खिलाड़ी उस्मान ख़्वाजा के उस दावे के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 2018 की टेस्ट सिरीज़ में गेंद से छेड़छाड़ के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, "यह पता चला है कि उस समय कुछ खिलाड़ियों की बात नहीं सुनी गई थी. अब उन्हें बिना किसी फ़ैसले या सज़ा के डर के अपनी बात रखने का मौक़ा मिलेगा."
2018 के इस विवाद के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और बल्लेबाज़ कैमरन बैनक्रॉफ़्ट पर प्रतिबंध लगाए गए थे.
हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में पाया गया था कि टीम के गेंदबाज़ों को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी नहीं थी.
केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ी में पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड, नेथन लायन और मिचेल स्टार्क शामिल थे.
इन चारों ने 2021 में एक साझा बयान में कहा था कि उन्हें मैदान पर कोई बाहरी चीज ले जाए जाने की जानकारी नहीं थी.
पिछले हफ़्ते एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कमिंस ने ख़्वाजा के दावे को "100 फ़ीसदी ग़लत" बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि ख़्वाजा ने उनकी ज़िंदगी और प्रतिष्ठा को लेकर लापरवाही से बात की है