वॉशिंगटन: अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के पैनल ने 14वें दलाई लामा के उत्तराधिकारी के चयन से जुड़ी योजनाओं के लिए भारत के साथ उच्च-स्तरीय चैनल बनाने की सिफारिश की है। पैनल ने चेतावनी दी है कि चीन इस प्रक्रिया की वैधता को अंतरराष्ट्रीय विवाद में बदल सकता है। दोनों प्रमुख अमेरिकी दलों के सदस्यों वाले इस आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन उत्तराधिकार की प्रक्रिया के नतीजों को अपने पक्ष में मोड़ने के लिए दबाव के तरीकों का इस्तेमाल कर सकता है। ऐसे में इस मुद्दे पर भारत से सहयोग लिया जाए।
यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन ने अमेरिकी कांग्रेस को सौंपी अपनी रिपोर्ट में गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को ही 14वें दलाई लामा के उत्तराधिकारी की पहचान करने और उसे मान्यता देने वाली एकमात्र वैध संस्था के रूप में स्वीकार करने की वकालत की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी कांग्रेस को यह नीति अपनानी चाहिए कि चीन के चुने गए या थोपे गए किसी भी उत्तराधिकारी को मान्यता ना दी जाए।

दलाई लामा पर अमेरिकी आयोग की रिपोर्ट

रिपोर्ट के अनुसार, इस नीति को लागू करने और दलाई लामा के उत्तराधिकार के मामले में अमेरिकी सरकार की तैयारी सुनिश्चित करने के लिए, कांग्रेस को विदेश मंत्री को निर्देश देना चाहिए कि वे भारत सरकार के साथ एक उच्च-स्तरीय चैनल बनाएं। इसका उद्देश्य उत्तराधिकार से जुड़ी आकस्मिक योजनाओं पर काम करना है, जिसमें चीन के प्रभाव डालने वाले अभियानों से जुड़ी खुफिया जानकारी साझा करना शामिल है।
अमेरिकी विदेश मंत्री से कहा गया है कि वे उत्तराधिकार से जुड़े विभिन्न परिदृश्यों पर एक आंतरिक टेबलटॉप एक्सरसाइज (रणनीतिक चर्चा/अभ्यास) का नेतृत्व करें। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, राष्ट्रीय खुफिया निदेशक और रक्षा मंत्री को भी शामिल होना चाहिए। आयोग ने अमेरिकी विदेश मंत्री से कहा है कि वे भारतीय समकक्ष के साथ ट्रैक 1.5 और ट्रैक 2 वार्ता करें। इसमें उत्तराधिकार से जुड़े राजनीतिक और सुरक्षा प्रभावों पर चर्चा और टेबलटॉप एक्सरसाइज करें।
चीन को रोकने की कोशिश

आयोग चाहता है कि अमेरिका अपने सहयोगियों और साझेदारों के साथ मिलकर ऐसी कूटनीतिक रणनीति बनाए, जिससे चीन की ओर से चुने गए उत्तराधिकारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैधता ना मिल सके। आयोग का सुझाव है कि अमेरिका सेंट्रल तिब्बती एडमिनिस्ट्रेशन (तिब्बती प्रशासन) की साइबर सुरक्षा को मजबूत करके चीन के साइबर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित दुष्प्रचार अभियानों का मुकाबला करे।

दरअसल 14वें दलाई लामा (तेनजिन ग्यात्सो) के उत्तराधिकारी पर विवाद इस बात को लेकर है कि 15वें दलाई लामा को मान्यता का अधिकार दलाई लामा के पास है या चीन सरकार के पास। जुलाई 2025 में दलाई लामा ने घोषणा की थी कि उनकी मृत्यु के बाद दलाई लामा की संस्था जारी रहेगी और उनका उत्तराधिकारी होगा, जिस पर चीन ने कड़ा ऐतराज जताया था।

दलाई लामा ने 2011 में स्थापित किए गए गादेन फोद्रंग ट्रस्ट को अपने उत्तराधिकारी को मान्यता देने का एकमात्र अधिकार सौंपा है। दूसरी ओर चीनी अधिकारियों ने इसे नहीं माना है और कहा है कि तिब्बत से जुड़े मामले चीन का आंतरिक विषय हैं। ऐसे में यह एक विवाद का विषय बना हुआ है।