भोपाल। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में बैंक के कलेक्शन एजेंट द्वारा समूह लोन की किश्तों का गबन करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने गांव-गांव जाकर 31 महिलाओं से लोन की किश्तें वसूलीं, लेकिन बैंक में जमा करने के बजाय पूरी रकम खुद रख ली। करीब एक साल तक यह खेल चलता रहा और फिर आरोपित नौकरी छोड़कर फरार हो गया। वहीं जब नया कलेक्शन एजेंट फील्ड पर गया तब मामले का खुलासा हुआ।
नौकरी छोड़कर भाग गया था आरोपित
महिलाएं उसे बैंक का अधिकृत कर्मचारी समझकर नियमित रूप से भुगतान करती रहीं और उन्हें किसी तरह का शक नहीं हुआ। मामले का खुलासा तब हुआ जब लोन रिकवरी के लिए बैंक की ओर से दूसरा कर्मचारी महिलाओं के घर पहुंचा। महिलाओं ने बताया कि वे पहले ही किश्तें चुका चुकी हैं और पवन गोस्वामी को रकम दे चुकी हैं। बैंक रिकॉर्ड खंगाले गए तो किश्तों की राशि जमा नहीं होने की बात सामने आई। वहीं आरोपित जनवरी 2025 में ही नौकरी छोड़कर भाग चुका था।