भोपाल-बीना मेमू का ‘विस्तार’, 7 महीने की धक्का-मुक्की खत्म, अब 8 नहीं 12 कोच के साथ दौड़ेगी ट्रेन

भोपाल। भोपाल जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर उस वक्त अलग ही माहौल देखने को मिला, जब यात्री आपस में मुस्कुराते हुए राहत की बात कर रहे थे। पिछले सात महीनों से भीषण भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच सफर करने को मजबूर लोग अब सुकून महसूस कर रहे हैं। क्योंकि 100 यात्रियों की क्षमता वाले कोच में 150 तक लोग सफर करने को मजबूर थे, लेकिन लगातार उठती मांग और खबरों के असर के बाद भोपाल-बीना मेमू ट्रेन अब आठ की बजाय 12 कोच के साथ पटरी पर लौट आई है, जिससे गर्मी और शादी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार सितंबर 2025 से भोपाल-बीना मेमू ट्रेन केवल आठ कोच के साथ संचालित की जा रही थी। दरअसल, भोपाल मंडल को पहले चार रैक आवंटित किए गए थे, लेकिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा इन चारों रैक को कोटा मंगवा लिया गया। इसके चलते भोपाल मंडल के पास कोच की कमी हो गई और मेमू ट्रेन को मजबूरी में आठ कोच के साथ ही चलाना पड़ा।

यात्री आराम से कर सकेंगे सफर

मेमू ट्रेन के एक कोच में लगभग 60 सीटें होती हैं, लेकिन सामान्य तौर पर करीब 100 यात्री बैठकर और खड़े होकर सफर करते हैं। पिछले कुछ महीनों से ट्रेन सिर्फ आठ कोच के साथ चल रही थी, जिसके कारण भीड़ का दबाव काफी बढ़ गया था। हालात ऐसे हो गए थे कि जहां 100 यात्री सफर कर सकते थे, वहां करीब 150 लोग यात्रा करने को मजबूर थे। इससे यात्रियों को भारी असुविधा और धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब 12 कोच होने से लोगों को राहत मिलेगी।

Spread the love