भोपाल। सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक चल रहे धार्मिक आयोजन में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। आयोजन का समापन शुक्रवार को होगा। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोपाल जंक्शन पर लौटेंगे तो ऐसे में यहां भीड़ इकठ्टा होने की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए भोपाल स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक व्यवस्था लागू की गई है।
स्टेशन परिसर में लगभग 10 हजार यात्रियों को एक साथ नियंत्रित करने के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक के निर्देशन में भोपाल मंडल पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
स्टेशन पर अतिरिक्त आरपीएफ और जीआरपी जवानों की तैनाती की गई है। प्लेटफार्म, मुख्य प्रवेश व निकास द्वार, फुटओवर ब्रिज, आरक्षण और सामान्य टिकट काउंटरों पर सघन निगरानी रखी जा रही है।
डॉग स्क्वाड से की जा रही जांच
सुरक्षा को देखते हुए डॉग स्क्वाड द्वारा ट्रेनों, वेटिंग हाल, पार्सल कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार जांच की जा रही है। वहीं, ड्रोन कैमरों के माध्यम से 24 घंटे पूरे स्टेशन परिसर पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अतिरिक्ट टिकिट काउंटर की होगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। इससे यात्रियों को लंबी कतारों में खड़े होकर भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा। टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज की गई है, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता और व्यवस्था के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।