जनगणना कार्य महत्वपूर्ण गम्भीरता से शासन के नियमों के अंतर्गत कार्य करना सुनिश्चित करें : कलेक्टर वसंत

अम्बिकापुर। जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत ने भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाली जनगणना  2027 की तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा की। 

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य हेतु फील्ड लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजर एवं प्रगणकों की कुल आवश्यक संख्या की जानकारी तैयार कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में मुख्य रूप से शिक्षा विभाग से प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सुपरवाइजर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक या प्राचार्य तथा प्राथमिक विद्यालय के प्राचार्य हो सकते है, वहीं प्रगणक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक होंगे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सम्बन्ध में जानकारी ली तथा कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए गम्भीरता से शासन के नियमों के अंतर्गत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  

बैठक में कलेक्टर वसंत ने अपार आईडी निर्माण में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों से जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की स्थिती की जानकारी ली तथा जल्द से जल्द लक्ष्य पूर्ण करने निर्देशित किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बन गया है, उनका आधार कार्ड निर्माण हेतु कार्यवाही शुरू करें। गंभीरता के साथ कार्य में प्रगति लाएं। इस दौरान जाति प्रमाण पत्र निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की  गई। 



कलेक्टर वसंत ने जिले में अतिशेष शिक्षकों की जानकारी ली तथा कहा कि जिन विद्यालयों में शिक्षक अवकाश पर हैं या किसी कारणवश शिक्षक नहीं आ रहे हैं। पास के अन्य विद्यालय जहां शिक्षकों की ज्यादा संख्या हैं, वहां से शिक्षक अटैच करें, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित ना हो।  उन्होंने खाद्य अधिकारी से नए धान खरीदी केंद्रों के निर्माण हेतु स्थल चिन्हांकन कर सम्बंधित एसडीएम को सूची उपलब्ध करवाने निर्देशित किया। उन्होंने सुदूर क्षेत्रों में राशन पहुंचाने की जानकारी ली तथा कहा कि तहसीलदार मॉनिटरिंग करें। इस दौरान आश्रम छात्रावासों के निरीक्षण की जानकारी ली गई तथा शेष में सम्बंधित अधिकारियों को निरीक्षण करने कहा गया।


बैठक में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, नगर निगम कमिश्नर डी एन कश्यप सभी एसडीएम एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


उन्होंने कहा के 4 मार्च को  होली एवं 21मार्च को  ईद का त्योहार  मनाया जाएगा। इस हेतु सभी विभाग अपनी तैयारियां रखें, त्योहार के दिन पानी, बिजली आदि बाधित ना हो। होली एवं ईद का त्यौहार शांति एवं सौहार्द पूर्ण तरीके से मनाने कार्यपालिक दंडाधिकारी सतर्क रहें, लॉ एंड आर्डर की स्थिति निर्मित होने पर तत्काल अवगत करवाएं एवं आवश्यक कार्यवाही करें। सूचना तंत्र मजबूत रखें, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखें। वाहनों की लगातार जांच हो, तीन सवारी एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस विभाग द्वारा कार्रवाई हो। आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ हो, चिकित्सालयों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तालाबों में गोताखोरों की उपलब्धता, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सुविधा एक्टिव रहे।आमजनों को समस्या ना हो, किसी भी प्रकार कि शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही के लिए सभी विभाग तैयार रहें।  

Spread the love