भोपाल: ग्वालियर जिले के डबरा में मंगलवार को हुई दुखद दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चिंता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने भगदड़ के दौरान हादसे में महिला की मौत पर संवेदना प्रकट की है। साथ ही घायलों को निशुल्क इलाज के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा भी की है।
सीएम यादव की ओर से दुर्घटना में एक मृतका के परिजन को 4 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एक-एक लाख रुपए की सहायता देने के निर्देश दिये है। साथ ही गंभीर सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश भी दिए।वहीं घटना की सूचना मिलते ही ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान भी एप्पल अस्पताल और जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। वहां उन्हों ने घायल मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों का उपचार प्राथमिकता के साथ किया जाए।
इसके बाद कलेक्टर चौहान ने डबरा पहुंचकर नवग्रह शक्ति पीठ पर आयोजित कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वहां उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक पुख्ता प्रबंध करने के दिशा-निर्देश दिए।
बता दें कि ग्वालियर स्थित डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ की कलश यात्रा के पूर्व कलश वितरण के समय ही मंगलवार को भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई। जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।इनमें से चार लोगों का उपचार डबरा अस्पताल में किया गया। जबकि अन्य 3 गंभीर मरीजों को इलाज के लिए ग्वालियर रैफर किया गया। एक बच्ची और एक महिला को ग्वालियर स्थित एप्पल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।