भोपाल, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से 34 से ज्यादा जानें जा चुकी हैं। इसके बाद पूरे प्रदेश में पानी को लेकर सरकार से लेकर अफसर तक अलर्ट हुए हैं, लेकिन भोपाल में अब तक हालात नहीं सुधरे हैं। कहीं गंदा पानी आ रहा है तो कहीं टंकी की सफाई नहीं हुई तो कहीं सीवेज से ही पाइप लाइन गुजर रही है। ऐसे में यहां भी इंदौर जैसे हादसे की संभावना है।
ताजा मामला शहर के वार्ड नंबर-9 मॉडल ग्राउंड क्षेत्र में सामने आया है। आईआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। पार्टी के मोहसिन खान ने बताया कि रमजान महीने के दौरान पुराने भोपाल में खराब स्वच्छता, खुले नालों और सीवेज से संबंधित स्वास्थ्य खतरों को लेकर जिम्मेदार अलर्ट नहीं है।
इसके अलावा पेयजल आपूर्ति पाइप लाइनों में रिसाव और छेद से पानी के दूषित होने का गंभीर खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया, पेयजल टंकी से आसपास के कई इलाकों में पेयजल की सप्लाई होती है। ऐसे में इंदौर जैसा हादसा भोपाल में भी हो सकता है। इसलिए निगम को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पाइप लाइन और टंकी की सफाई करवाना चाहिए।
जांच की तो केचुआ मिला
रहवासी खान ने बताया कि क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन को लेकर जब जांच की गई तो उसमें मृत केचुआ मिला। पाइप लाइन लंबे समय से खुली पड़ी है। इस वजह से उसमें गंदगी भर गई है। इसके अलावा पेयजल टंकी की भी महीनों से सफाई नहीं की गई है।
कमिश्नर से मिले पार्टी पदाधिकारी
इस मामले को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहिसन अली खान पदाधिकारियों के साथ निगम कमिश्नर संस्कृति जैन से मिलें और समस्या के बारे में बताया। कमिश्नर ने समस्या को दूर करने का आश्वासन भी दिया है।