गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । सड़क पर मामूली कहासुनी के बाद गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट करने वाले युवक को चक्रधरनगर पुलिस ने गैर जमानती धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी राजा अग्रवाल ने 12 मार्च 2026 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने ऑटो से प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस, दुर्गा मंदिर के सामने बोईरदादर रोड में गैस की होम डिलीवरी करने जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने को लेकर उसकी मामूली बहस हो गई। इसके बाद राजा अपने काम के लिए गैस ऑफिस पहुंच गया।

रिपोर्ट के अनुसार मोटरसाइकिल चालक उसका पीछा करते हुए गैस ऑफिस तक पहुंच गया और अंदर घुसकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। गैस ऑफिस के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम रिहान खान निवासी छोटा अतरमुड़ा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ बताया।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 333 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने गैस ऑफिस में घुसकर मारपीट करने की बात स्वीकार की।

चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी रिहान खान (23) पिता मोहम्मद रईस खान निवासी छोटा अतरमुड़ा को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Spread the love