हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में यूपी के पूर्व मंत्री मदन चौहान पर फॉर्च्यूनर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। गनमत रही कि हमलावर की पिस्टल में गोली फंसने से फायर नहीं हो सका और भाजपा नेता की जान बच गई। पुलिस अधिकारी हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रहे हैं।गढ़मुक्तेश्वर इलाके से तीन बार से विधायक रहे मदन चौहान के साथ यह घटना सोमवार रात गांव हिरणपुरा में घटी। उन्होंने बताया कि वह गांव में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के करीब पहुंचे, एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार में सवार तीन-चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
गाड़ी के शीशे से सटाया पिस्टल पर…
मदन चौहान ने बताया कि एक बदमाश के दोनों हाथों में पिस्टल थी। उसने गाड़ी के पास आकर खिड़की के शीशे पर पिस्टल सटाकर फायर किया, लेकिन गोली पिस्टल में फंस गई। उनके गनर ने कार से उतरकर फुर्ती से बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे गाड़ी से फरार हो गए।
पहले भी खनन माफिया कर चुके हैं हमला
पूर्व मंत्री ने इस घटना के बाद पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा जताया है। इससे पहले भी मदन चौहान पर खनन माफिया द्वारा तीन बार हमला किया जा चुका है। सपा सरकार में मंत्री रह चुके मदन चौहान वर्तमान में भाजपा में सक्रिय हैं।
क्या बोले एसएसपी हापुड़
एएसपी हापुड़ विनीत भटनागर ने बताया कि पूर्व मंत्री मदन चौहान पर हमले के प्रयास की सूचना मिली थी। उन्होंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूर्व मंत्री से भेंट कर उनका पक्ष जाना। पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।