इंस्टाग्राम पर की दोस्ती, फिर होटल में किया दुष्कर्म, भोपाल में युवक ने शादी का झांसा देकर छात्रा से की दरिंदगी

भोपाल। कजलीखेड़ा में शादी का वादा कर छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की दोस्ती आरोपित से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच 14 दिन बातचीत हुई फिर युवक ने उसे मिलने बुलाया और कजलीखेड़ा के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। तब आरोपित ने उसे शादी करने का वादा किया था, लेकिन बाद में वह मुकर गया, जिसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत की।

12वीं की छात्रा और युवक के बीच बढ़ा परिचय

पुलिस के अनुसार 18 वर्षीय युवती ने इसी वर्ष कक्षा बारहवीं की परीक्षा पास की है। उसने पुलिस को बताया कि 17 फरवरी को इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती ललिता नगर में रहने वाले आकाश ठाकुर से हुई थी। आकाश शादी-पार्टी में खाना बनाने का काम करता है। दोनों के बीच करीब दो सप्ताह तक बातचीत का सिलसिला चला, फिर तीन मार्च को आकाश ने उसे मिलने के लिए ललिता नगर बुलाया।

होटल के कमरे में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म

जहां से वह युवती को प्रियंका नगर स्थित एक होटल में लेकर पहुंचा। यहां पर आरोपित आकाश ने उसे दो घंटे तक अपने साथ रूम में बंद रखा और शादी का वादा कर जबरन उसके साथ संबंध बनाए। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपित ने उसे घटना के बारे में किसी को कुछ भी बताने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। उसके बाद पीड़िता अपने घर वापस लौट गई और किसी को कुछ नहीं बताया।

शादी से इनकार के बाद पीड़िता ने दर्ज कराया मामला

जब पीड़िता ने आरोपित से शादी करने की बात कही तो उसने इनकार कर दिया तब पीड़िता ने केस दर्ज करवाया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Spread the love