ग्रेटर नोएडा: पार्किंग में डॉगी ने की गंदगी, रोकने पर मालकिन भिड़ी; वायरल वीडियो पर गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पेट डॉगी के गंदगी फैलाने का विवाद थाने तक पहुंच गया। मामले में आरोपी पेट डॉग मालकिन को गिरफ्तार किया गया है। मामला आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्स वुड सोसायटी का है। यहां पालतू कुत्ते के शौच को लेकर हुआ विवाद पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया। सोसायटी के टावर-जे के पास पार्किंग एरिया में महिला के अपने पालतू कुत्ते को टहलाने और वहां गंदगी फैलाने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज और अभद्रता में तब्दील हो गया। पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसका संज्ञान लेते हुए बिसरख कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभद्रता करने वाली महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस का कहना है कि टावर-जे की माइनस वन पार्किंग एरिया में एक महिला अपने कुत्ते को टहला रही थी। सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलती देख वहां मौजूद एक अन्य महिला और पुरुष ने शालीनता से आपत्ति जताई और कुत्ते को परिसर से बाहर टहलाने का सुझाव दिया। आरोप है कि इसी बात पर कुत्ते की मालकिन आपा खो बैठी और अपने पालतू कुत्ते को गोद में लेकर निवासियों को सरेआम भद्दी-भद्दी गालियां देने लगी।पुलिस ने कहा कि वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि आसपास के लोग उसे शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन महिला लगातार निवासियों के लिए अत्यंत आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रही है। सोसायटी के निवासियों ने महिला के इस दुर्व्यवहार की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस से की।

पुलिस ने दर्ज किया केस

बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिसर में कुत्ते को लेकर हुए विवाद के दौरान सार्वजनिक रूप से शांति भंग करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन और निवासियों के साथ इस प्रकार की अभद्रता किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। इस मामले में आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया।

डॉग पॉलिसी लागू होने के बाद भी एक्शन नहीं

दरअसल, सेक्टर और सोसायटियों में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा अथोरिटी ने कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए डॉग
पोलिसी बनाकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए थे। हाल ही में कुत्तों से जुड़े मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कई एडवाइजरी जारी की थी। साथ ही, इनका पालन सख्ती से कराने के लिए आदेश दिए थे। हालांकि, इस डॉग पॉलिसी का पालन नहीं हो रहा है, जिससे निवासी परेशान हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों में आए दिन कुत्ते के काटने और विवाद की घटना हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अफसर अनजान बने हुए हैं।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पाम ओलम्पिया सोसायटी के एओए पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि डॉग पालिसी सिर्फ दिखावे की रह गई है, जिन अधिकारियों ने नियम बनाए है, वे पॉलिसी से जुड़े नियमों का पालन करने में असफल साबित हुए है। नियम बने हुए काफी समय बीत गया है, लेकिन सोसायटियों में कुत्तों के हमले या दूसरे विवादों की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी अभिषेक वैश्य ने बताया कि परिसर में आए दिन आवारा कुत्तों के काटने की घटना हो रही है। सोसायटियों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। आरोप है कि परिसर के अंदर ही फीडिंग पॉइंट बनाने का फरमान जारी कर दिया गया है, जो ठीक नहीं है।

Spread the love