आदित्य धर की ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ के हर किरदार ने खूब तारीफें बटोरी हैं और छाया हुआ है, लेकिन एक किरदार जिसके कारण पाकिस्तान के नेता नबील गबोल की नींद उड़ गई है, वो है जमील जमाली। इस किरदार को राकेश बेदी ने निभाया और खूब वाहवाही बटोर रहे हैं, पर यह किरदार नबील गबोल पर आफत बनकर बरस पड़ा है। दरअसल, बताया जाता है कि जमील जमाली का किरदार पाक नेता नबील गबोल से प्रेरित है।
‘जमील जमाली’ से क्यों बढ़ीं नबील गबोल की मुश्किलें?
‘धुरंधर 2’ में राकेश बेदी के जमील जमाली को किरदार को भारतीय जासूस के रूप में दिखाया गया है। यह भी दिखाया गया है कि कैसे वह कई साल से दाऊद इब्राहिम को धीरे-धीरे जहर दे रहा है, इंजेक्शन दे रहा है और अब वह डेथ बेड पर है। अब इसी किरदार की वजह से नबील गबोल के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। ‘धुरंधर 2’ के बाद से माना जा रहा है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम, पाकिस्तान के कराची में रह रहा है और उसका घर नबील गबोल के घर से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर है। पर नबील गबोल का कुछ और ही कहना है।
नबील गबोल- न दाऊद इब्राहिम से मिला, ना ही पता है कि कराची में रहते हैं
वीडियो में नबील गबोल से पूछा जाता है, ‘मुंबई से एक पड़ोसी रहते हैं आपके पास, कराची में। उन्हें शायद बड़े साहब बुलाते हैं। आप उन्हें मिले हैं क्या कभी?’ नबील गबोल बोले, ‘मैं कभी उनसे नहीं मिला हूं। ना मुझे पता है कि वो कराची में रहते हैं। मैं अभी इस वक्त घर में बैठा हूं और यहां से मुश्किल से 200 मीटर दूर होगा, जो मीडिया बताती है कि दाऊद इब्राहिम वहां रहते हैं।’
‘धुरंधर 2’ के दाऊद और जमील वाले सीन पर उठाए सवाल
नबील गबोल आगे बोले, ”धुरंधर’ में जो दिखाया है कि उसका क्लिफ्टन में घर है, व्हाइट हाउस दिखाया, फार्महाउस दिखाया और क्लिफ्टन दिखाया। मैं यहां क्लिफ्टन में रहता हूं, पर मैंने ना कभी दाऊद इब्राहिम से मिला और ना ही देखा है। दाऊद इब्राहिम को दिखाया है कि वो बिल्कुल डेथ बेड पर है और मरने वाला है क्योंकि उसको जमील जमाली ने इंजेक्शन लगा दिया। मुझे नहीं पता कि वो है या नहीं है। पर मैं कभी नहीं मिला हूं।’
नबील गबोल ने कहा था कि बनाएंगे ‘धुरंधर 3’, देंगे करारा जवाब
वहीं, हाल ही नबील गबोल ने ऐलान किया कि अब वह ‘धुरंधर 3’ बनाकर भारतीयों को जवाब देंगे, पर फिल्म का नाम कुछ और होगा। एक पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर से बातचीत में नबील गबोल ने कहा था, ‘नबील गबोल आप लोगों को जबरदस्त जवाब देगा। जिस तरह से हमारी पाकिस्तान की फौज ने आपको जवाब दिया। जिस तरह आपके 6 विमान गिराए हैं, इसी तरह मैं भी आप लोगों को सही जवाब दूंगा कि ल्यारी असल में क्या है। असल में अब ‘धुरंधर 3′ हम बनाएंगे। पर इसका कुछ और नाम सोचेंगे।’
कौन हैं नबील गबोल?
नबील गबोल पाकिस्तानी पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता हैं और काफी लंबे समय तक ल्यारी का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, साल 2013 में उन्हें ल्यारी छोड़ना पड़ा था। उन्होंने 24 साल की उम्र में राजनीति की दुनिया में कदम रखे थे। वह सिंध असेंबली के डिप्टी स्पीकर तो नेशनल असेंबली के सदस्य भी रहे। नबील गबोल ने एक अन्य इंटरव्यू में कहा था कि ‘धुरंधर’ में उनके किरदार का नाम बदलकर दिखाया गया है, जो जमील जमाली है। उस किरदार को चापलूस और दबंग दिखाया गया है, जबकि असल में वह दबंग नेता हैं।
नबील गबोल को लेकर यह बोले थे राकेश बेदी
हालांकि, राकेश बेदी ने इससे इनकार किया था कि उनका किरदार नबील गबोल से प्रेरित है। राकेश बेदी ने ‘इंडियाटुडे’ से कहा था, ‘मैंने उनका किरदार बिल्कुल नहीं निभाया। मुझे समझ नहीं आता कि वह खुद को उस किरदार से क्यों जोड़ रहे हैं। मैंने बस उस रोल के लिए एक खास लुक अपनाया था। अब अगर किसी को लगता है कि मेरा रूप उनसे मिलता-जुलता है, तो मैं क्या कर सकता हूं? इसमें मेरी कोई गलती नहीं है।’