तमिलनाडु में बस ने 2 कारें कुचलीं, 9 की मौत:4 घायल, कारें पूरी तरह चकनाचूर

चैन्नई,

तमिलनाडु के कडलूर जिले में बुधवार रात सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही रोडवेज बस का स्टेट हाईवे पर टायर फट गया था।

बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ती हुई दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहीं 2 कारों को कुचल दिया। दोनों कारें बस के नीचे फंसकर पूरी तरह चकनाचूर हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हादसे के कारण चेन्नई-तिरुचि नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन से वाहन हटाकर यातायात चालू किया गया।

मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल

सड़क हादसे में दोनों कारों में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। 4 घायलों का इलाज जारी है, इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों-घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 3-3 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।

Spread the love