तेहरान: ईरान ने दावा किया है कि उसने सोमवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऑफिस पर हमला किया है। ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने यहां तक कहा है कि उसने नेतन्याहू के ऑफिस को निशाना बनाने के साथ-साथ उस जगह पर भी हमला किया जहां इजरायली वायुसेना के कमांडर मौजूद थे। रिपोर्ट में यह भी दावा किया है कि नेतन्याहू के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इजरायल ने भी इन हमलों को लेकर कोई भी जानकारी साझा नहीं की है।
ईरानी मीडिया ने क्या बताया
फार्स न्यूज एजेंसी के एक बयान में IRGC गार्ड्स ने कहा, "ज़ायोनी शासन के क्रिमिनल प्रधानमंत्री के ऑफिस और शासन के एयर फोर्स कमांडर के हेडक्वार्टर को निशाना बनाया गया।" बयान में यह भी कहा गया कि हमले में खेबर मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू की स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं है।
दक्षिणी इजरायल में ईरान का हमला
वहीं, इजरायल ने बताया है कि सोमवार दोपहर को दक्षिणी इजरायल के बीरशेबा इलाके में एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल के हमले में कम से कम 10 इजरायली घायल हो गए। इनमे से एक नागरिक की हालत गंभीर है, बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय नगरपालिका ने कहा कि मिसाइल के कारण हुए मलबे में और हताहतों की तलाश के लिए इलाके की गहन छानबीन की जा रही है। ऐसी आशंका है कि मलबे में कुछ और लोग दबे हो सकते हैं।