भोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि राम के नाम पर भाजपा सरकार ने मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘जी राम जी’ कर दिया है। उन्होंने कहा, मैं मानता हूं कि धरती के कण-कण में भगवान राम हैं और हमारे देश के करीब 50% लोगों के नाम राम से जुड़े हैं, लेकिन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को यह समझना चाहिए कि जनता को भ्रमित न करें।
सोमवार को पटवारी भोपाल में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो नई योजना शुरू की है, उसमें 40% खर्च का भार राज्य सरकार पर डाल दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति ऐसी है कि राज्य सरकार यह 40% राशि वहन कर सके। जो सरकार रोजाना करीब 200 करोड़ रुपए का कर्ज ले रही है, वह इस योजना को कैसे चला पाएगी।
‘1 साल में 1 लाख करोड़ का कर्ज लिया’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोहन यादव सरकार एक साल में एक लाख करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है और साल के अंतिम दिन भी 3,500 करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया। पटवारी ने कहा कि वे शिवराज सिंह चौहान को चुनौती देते हैं और मनरेगा को लेकर उनसे खुली बातचीत करना चाहते हैं।
पटवारी ने आगे कहा, “राम का नाम दो बार और योजना में जोड़ दीजिए, लेकिन योजना का कत्ल मत कीजिए। भाजपा और उसकी सरकार मनरेगा योजना को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।” उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में 75% किसान परिवार हैं और जब तक कृषि समृद्ध नहीं होगी, तब तक देश भी समृद्ध नहीं होगा। पटवारी ने चेतावनी दी कि किसानों के लिए भाजपा ने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना होगा, अन्यथा कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।
‘वार्ड और पंचायत स्तर पर मजबूत होगी कांग्रेस’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पंचायत और वार्ड कांग्रेस कमेटियों के गठन का काम शुरू करने जा रही है। यह कार्यक्रम 5 जनवरी से शुरू होगा। इसके लिए वे स्वयं और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता सक्रिय हो गए हैं।
यह अभियान 45 दिनों तक चलेगा। पटवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम आने वाले समय में कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती के लिए मील का पत्थर साबित होगा।