आशा भोसले के निधन पर खान सितारे गम में डूबे, सलमान, शाहरुख और आमिर खान ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

हिंदी सिनेमा की दिग्गज गायिका और ‘सुरों की मल्लिका’ के नाम से मशहूर आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। आशा भोसले के पार्थिव शरीर को सोमवार दोपहर 3 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है और शाम को 4 बजे शिवाजी पार्क, द ग्राउंड में उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। सिंगर के निधन की खबर आने के बाद से ही फिल्मी जगत से लेकर म्यूजिक इंडस्ट्री और दुनिया भर से उन्हें चाहने वालों ने शोक जताया है। बॉलीवुड के टॉप स्टार्स खान यानी सलमान, शाहरुख और आमिर ने भी उनके लिए अपना दुख जताया है।

हिंदी सिनेमा में कई बड़े सिंगर हुए हैं, लेकिन आशा भोसले बेहद खास रहीं। उन्होंने हिंदी सिनेमा को रोमांटिक से लेकर भावनात्मक गानों से सजाया।
उनके निधन से हिंदी सिनेमा में सभी की आंखें नम हैं और हर कोई अपने-अपने तरीके से सिंगर को याद कर रहा है। अब सलमान खान और ऋतिक रोशन ने सिंगर के निधन को बड़ी क्षति बताया है।

सलमान खान ने कहा- भारतीय संगीत जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आशा ताई को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सिंगर की फोटो शेयर कर लिखा, ‘भारतीय संगीत जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति। आशा जी के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा। एक अतुलनीय आवाज, आपके गीत पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।’

शाहरुख खान ने आशा भोसले के साथ एक बहुत प्यारी फोटो शेयर की

वहीं बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शाहरुख खान ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक इमोशनल कर देने वाला पोस्ट किया। शाहरुख खान ने आशा भोसले के साथ एक बहुत प्यारी फोटो शेयर की है, जिसमें वे सिंगर के साथ दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘आशा ताई के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनकी आवाज भारतीय सिनेमा की आधारशिलाओं में से एक थी और सदियों तक दुनियाभर में गूंजती रहेगी।’

‘हमेशा मुझ पर आशीर्वाद और प्यार बरसाया’

एक्टर ने लिखा, ‘उन्होंने हमेशा मुझ पर आशीर्वाद और प्यार बरसाया और मैं उन्हें बहुत याद करूंगा। आशा ताई, आपकी आत्मा को शांति मिले, आपको प्यार।" बहुत कम लोग जानते हैं कि एक अवॉर्ड फंक्शन में आशा ताई शाहरुख खान से नाराज हो गई थीं और बैक स्टेज जाकर नाराजगी जाहिर की थी, लेकिन शाहरुख खान ने सब कुछ संभालते हुए सिंगर ने माफी मांग ली थी।

शाहरुख की फिल्म में आशा ताई के कई गाने

सिंगर आशा भोसले ने शाहरुख खान की फिल्मों में बहुत कम ही गाने गाए, लेकिन जितने भी गाने गाए, वो सदाबहार और दिल को छू लेने वाले थे। उनका ‘किताबें बहुत सी पढ़ी होगीं’ गाना कॉलेज लाइफ को दोबारा जीने का मौका देता है, जो शिल्पा शेट्टी और शाहरुख खान दोनों पर फिल्माया गया था। फिल्म ‘बाजीगर’ के इस गाने ने कॉलेज के युवाओं के बीच अलग ही क्रेज पैदा कर दिया था। गाने का संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था और आवाज विनोद राठौड़ और आशा ताई की थी। इसके अलावा, आशा भोसले ने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का ‘जरा सा झूम लूं मैं’ और ‘दिल तो पागल है’ का ‘ले गई’ गाने में भी अपनी प्यारी आवाज दी थी। ‘जरा सा झूम लूं मैं’ में शाहरुख और काजोल की मस्ती पर, जबकि ‘ले गई’ करिश्मा कपूर पर फिल्माया गया था।

आमिर खान बोले- मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं

वहीं आमिर खान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। यह बहुत दुखद क्षण है और एक बहुत बड़ी क्षति है। यह एक युग का अंत है। लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और आशा भोसले, इन चार महान गायकों के जाने से ऐसा लगता है जैसे एक युग का अंत हो गया है। मेरी संवेदनाएं देश में उनके फैंस और परिवार के साथ हैं। हम उनके लिए दिल से प्रार्थना करते हैं।’

आशा भोसले के लिए बोले ऋतिक रोशन

वहीं, एक्टर ऋतिक रोशन का कहना है कि आज एक अनमोल रत्न खो गया है। उन्होंने अपनी और आशा ताई की फोटो पोस्ट कर लिखा, ‘आज भारत ने एक अनमोल रत्न खो दिया। आशा जी न केवल एक महान हस्ती थीं, जिनसे मुझे मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, बल्कि वे मेरे जीवन में एक शांत और निरंतर उपस्थिति भी थीं, जो हमेशा मेरे भले के बारे में सोचती थीं, एक आश्वस्त करने वाली और स्थिर शक्ति थीं और सबसे स्नेहपूर्ण आलिंगन देने वाली थीं।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘आशा जी, मैं आपको बहुत याद करूंगा। अनमोल यादों और आपके सदाबहार गीतों के लिए धन्यवाद। आप भारतीय पार्श्व गायन की रानी थीं और हमेशा रहेंगी। मेरी हार्दिक संवेदनाएं भोसले परिवार के साथ हैं। आशा जी, आपकी आत्मा को शांति मिले।’

Spread the love