कानपुर: यूपी के कानपुर में पांच साल पहले हुए बिकरू कांड की यादें आज भी लोगों के जहन में ताजा हैं। बिकरू कांड से जुड़े कई सनसनीखेज ऑडियो वायरल हुए थे। ये ऑडियो मनु पांडेय के हैं जिसको पुलिस ने पहले सरकारी गवाह बनाया। फिर तीन साल बाद आरोपी बना दिया। मनु विकास दुबे के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय के बेटे शशिकांत की पत्नी है। मनु पांडेय ने शुक्रवार को एंटी डकैती कोर्ट में सरेंडर कर दिया। मनु के फरार होने की वजह से पुलिस कुर्की की कार्रवाई कर चुकी है
ऑडियो रिकॉर्डिंग हुई थी वायरल
बिकरू कांड की अगली सुबह पुलिस ने विकास दुबे के मामा प्रेम प्रकाश पांडेय और अतुल दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया था। मनु पांडेय पर आरोप था कि उसने फोन कर के विकास दुबे के गैंग के सदस्यों को पुलिस के लोकेशन की जानकारी दी। बिकरू कांड के वक्त पुलिस पर सवाल उठे थे कि मनु को आरोपी क्यों नहीं बनाया गया। मनु का पति शशिकांत पांडेय भी बिकरू कांड में आरोपी है और जेल में बंद है।
पुलिस को चकमा देकर किया सरेंडर
पुलिस ने जब मनु पांडेय को आरोपी बनाया तो वह घर से फरार हो गई। पुलिस ने 17 जुलाई 2023 को एंटी डकैती कोर्ट से मनु के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की थी। शुक्रवार को अपने वकील के जरिए पुलिस को चकमा देते हुए एंटी डकैती कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। चौबेपुर थाना प्रभारी आशीष चौबे का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार किए जा रहे थे।