‘मुस्लिम अगर भाजपा की सदस्यता लें तो सुरक्षित’; शौकत अली के बयान पर गरमाए संगीत सोम, जानिए पूरा मामला

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के बयान ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है। एआईएमआईएम नेता ने पिछले दिनों समाजवादी पार्टी पर हमलावर रुख अपनाया था। उन्होंने सपा के 111 विधायकों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि अगर एआईएमआईएम 11 सीटों पर ही जीतती है तो प्रदेश में एनकाउंटर करने वालों का एनकाउंटर होगा। अब शौकत अली के बयान पर संगीत सोम का आक्रोश सामने आया है। उन्होंने कहा कि ये लोग 11 कार्यकर्ता भी नहीं बना पाएंगे। 11 विधायकों की बात तो छोड़ दीजिए। साथ ही, मुसलमानों को भाजपा की सदस्यता लेने की भी सलाह दे डाली।

संगीत सोम ने क्या कहा?

एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के बयान से गरमाए माहौल के बीच भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सोम का बड़ा हमला सामने आया है। उन्होंने शौकत अली को दो टके का नेता करार देते हुए कहा कि जनता इन्हें मारकर भगाएगी। सरधना के पूर्व विधायक ने कहा कि शौकत अली 11 विधायक तो दूर 11 सदस्य भी नहीं बना पाएंगे। उन्होंने हमलावर रुख अपनाते हुए कहा कि मुस्लिमों में कोई नेता नहीं है। मुस्लिम अगर जल्द से जल्द भाजपा की सदस्यता ले लेते हैं तो सुरक्षित रहेंगे। अब उनके इस बयान की चर्चा हो रही है।

संगीत सोम ने कहा कि शौकत अली ने सही कहा, झंडा-डंडा-नेता एक होना चाहिए। नेता तो भाजपा में है ही। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव 2027 में भाजपा सरकार बनने जा रही है। कोई और पार्टी है ही नहीं। हम 350 सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को उन्होंने मानसिक रूप से बीमार करार दिया। उन्होंने कहा कि ये अपराधी-आतंकी पालने वाले लोग हैं। कभी 15 मिनट वाला तो कभी एनकाउंटर वाला बयान देते हैं।

क्या है पूरा विवाद?

मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में 23 मार्च को एक फार्म हाउस में एआईएमआईएम के पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष महताब चौहान की ओर से ईद मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली शामिल हुए। समारोह को यूपी चुनाव 2027 का आगाज बताया। इस दौरान शौकत अली ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि जिसे आपने 111 सीटें दीं, वह भी खामोश है। मुझे 111 नहीं सिर्फ 11 विधायक दे दो। मैं वादा करता हूं कि यूपी में किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा, तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा।

बयान पर राजनीति गर्म

शौकत अली के बयान पर राजनीति गरमा गई है। दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। माफिया-गुंडों को लेकर लगातार एक्शन हो रहा है। सीएम योगी ने साफ कहा है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को या तो यूपी से बाहर जाना होगा या फिर दुनिया छोड़ना पड़ जाएगा। सीएम योगी ने अपराध पर लगाम के लिए एक प्रकार से एनकाउंटर-हाफ एनकाउंटर पॉलिसी पर काम किया है। ऐसे में शौकत अली का बयान एक वर्ग के अपराधियों को बचाने के तौर पर देखा जा रहा है। इस पर विवाद लगातार गहराता जा रहा है

केस हुआ दर्ज

ईद मिलन समारोह के दौरान एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का एनकाउंटर पर बेतुका बयान अब उन पर भारी पड़ता दिख रहा है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने लोहिया नगर थाने में हाजी शौकत अली और आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। मामले मंगलवार देर रात पार्टी के तीन पदाधिकारियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शौकत अली ने बयान में मस्जिद-मदरसों की हिफाजत के लिए एक डंडा, एक झंडा और एक नेता बनाने की भी अपील की थी।

मेरठ पुलिस ने मामले में एआईएमआईएम के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मेहताब चौहान, महानगर अध्यक्ष इमरान अंसारी और महानगर सचिव राजी सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है। अब इस विवाद में संगीत सोम के बयान ने राजनीतिक माहौल को और गरमाना शुरू कर दिया है।

Spread the love