वॉशिंगटन: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिका का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका ने गुरुवार को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के तीन भतीजों और अन्य पर प्रतिबंध लगा दिया। इसके साथ ही नए प्रतिबंधों में छह क्रूड ऑयल टैंकर और उनसे जुड़ी शिपिंग कंपनियों को निशाना बनाया गया है। इसके पहले बुधवार को ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ने वेनेजुएला के तट के पास एक प्रतिबंधित किए गए ऑयल टैंकर को जब्त कर लिया है। पनामा के बिजनेसमैन रेमन कैरेटेरो पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, जिन पर वेनेजुएला का तेल ट्रांसपोर्ट करने का आरोप है।
अमेरिका ने जारी की प्रतिबंधों की लिस्ट
कैरेटेरो पर वेनेजुएला सरकार की तरफ से तेल शिपमेंट में मदद करने का आरोप है। अमेरिकी वित्त विभाग का कहना है कि मादुरो-फ्लोरेस परिवार के साथ कैरेटरो की बिजनेस डीलिंग रही है। अमेरिकी वित्त विभाग के एसेट्स कंट्रोल ऑफिस ने गुरुवार को बैन की लिस्ट जारी की है। इस प्रतिबंध का मकसद उन्हें अमेरिका में रखी किसी भी प्रॉपर्टी या फाइनेंशियल एसेट्स तक एक्सेस रोकना है।
मादुरो पर ड्रग्स सप्लाई का आरोप
वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक बयान में कहा कि निकोलस मादुरो और वेनेजुएला में उनके अपराधी साथी अमेरिका में ड्रग्स की बाढ़ ला रहे हैं, जो अमेरिकी लोगों को जहर दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिकी वित्त विभाग मादुरो के शासन, उनके साथियों और कंपनियों को लगातार अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहरा रही है।