भोपाल: अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं के साथ नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। बादल छाने के कारण पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इससे कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिल गई है। उधर शुक्रवार को ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई।
शुक्रवार को रात का सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी में दर्ज किया गया। दिन का सबसे अधिक 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान खंडवा में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार से एक बार फिर रात के तापमान में तेजी से कमी आने की संभावना है। ग्वालियर, चंबल, सागर संभाग के जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
यह है मौसम कि स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान एवं उसके आसपास गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात भी संबद्ध है। इस मौसम प्रणाली से लेकर उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है। उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 250 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। 26 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ द्वारा उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी वहीद खान ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के आसपास सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ गया है। इस वजह से शनिवार से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का सिलसिला शुरू हो सकता है।