इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने एक बार अफगानिस्तान के अंदर हमले शुरू कर दिए हैं। इन हमलों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हुए हैं। इसके पहले दोनों पक्षों ने ईद के त्योहार के मौके पर हमले रोकने की घोषणा की थी, जिसके बाद तनाव कम होने की उम्मीद बनी थी जो खत्म हो गई है। अफगानिस्तान ने उसके इलाके के अंदर हमले होने की पुष्टि की है। साथ ही दावा किया कि अफगान बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की तीन सीमा चौकियों को नष्ट कर दिया है।
बॉर्डर के पास पाकिस्तान ने दागे गोले
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में सूचना और संस्कृति विभाग के निदेश जियाउर रहमान स्पिनघर ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने नराई और सरकानो जिलों में तोप के दर्जनों गोले दागे, जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गई और 8 घायल हो गए।
ईद पर दोनों पक्षों ने रोके थे हमले
बीते सप्ताह पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने मुसलमानों के लिए सबसे खास त्योहार ईद के मौके पर एक-दूसरे के खिलाफ हमले रोकने पर सहमति जताई थी। दोनों पक्षों ने युद्धविराम का फैसला सऊदी अऱब, कतर और तुर्की के अनुरोध पर लिय था। ऐसे में ताजा हमले एक बार फिर से भारत के पड़ोस में नया युद्ध शुरू होने का खतरा बढ़ गया है। युद्धविराम के पहले पाकिस्तान ने काबुल के एक अस्पताल पर बड़ा हमला किया था, जिसमें 400 लोग मारे गए थे।
पाकिस्तान ने कहा- हमले जारी रहेंगे
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने गुरुवार को एक प्रेस ब्रीफिंग ने नए हमलों की पुष्टि की और बताया कि दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम 23-24 मार्च के बीच खत्म हो गया था। अंद्राबी ने आगे बताया कि पाकिस्तान के ऑपरेशन तक जारी रहेंगे जब तक लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते और जब तक अफगान तालिबान सरकार आतंकवादी ढांचों को समर्थन देना बंद नहीं कर देती।