पटना–इंदौर एक्सप्रेस में 311 कछुओं की तस्करी:कोच के अटेंडेंट को पकड़ा, दो बैगों से मिले जीवित इंडियन टेंट टर्टल

भोपाल, रेल से प्रतिबंधित वन्यजीवों की तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पटना–इंदौर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19322) के एच-1 कोच में कार्यरत अटेंडेंट को 311 जीवित कछुओं के साथ पकड़ा गया। यह कार्रवाई 3 फरवरी 2026 को रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की गई।

आरपीएफ पाोस्ट प्रभारी जसराम गूज के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक हेमंत कुमार राजपूत और आर. जॉनी कुमार ने ट्रेन की नियमित जांच के दौरान एच-1 कोच के अटेंडेंट अजय सिंह राजपूत को संदेह के आधार पर चेक किया। उसके पास मौजूद दो बैगों की तलाशी लेने पर उनमें बड़ी संख्या में छोटे-छोटे जीवित कछुए पाए गए। प्रथम दृष्टया यह मामला प्रतिबंधित वन्यजीवों के अवैध परिवहन का प्रतीत होने पर अटेंडेंट को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट संत हिरदाराम नगर लाया गया।

गिनती करने पर बैगों में कुल 311 कछुए मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वन विभाग भोपाल को सूचना दी गई। इसके बाद वन विभाग के एसडीओ विनोद सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में कछुओं की प्रजाति इंडियन टेंट टर्टल पाई गई, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित हैं। वन विभाग ने आरोपी को 311 कछुओं सहित आगे की कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 273/23 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पकड़े गए कछुओं को सुरक्षित रूप से वन विभाग के संरक्षण में रखा गया है।

Spread the love