मुंबई: आईपीएल में मुंबई इंडियंस के 13 सीजन का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम ने 2026 सीजन का अपना पहला मुकाबला जीत लिया। आखिरी बार मुंबई ने 2012 में सीजन का अपना पहला मुकाबला जीता था। लगातार 13 सीजन अपने पहले मैच में हार झेलने के बाद मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को वानखेड़े स्टेडियम में 6 विकेट से हराया। पहले बैटिंग करते हुए केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए थे। मुंबई ने 20वें ओवर में 5 गेंद रहते मैच जीत लिया। यह मुंबई इंडियंस का लीग में सबसे सफल रन चेज है। इससे पहले टीम ने 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 219 रनों का टारगेट चेज किया था।
रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने तय कर दी जीत
मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। तीसरे ओवर में वैभव अरोड़ा के खिलाफ दोनों ने तीन छक्के मारे। रोहित शर्मा ने पावरप्ले में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने 23 गेंद पर अपने आईपीएल करियर की सबसे तेज फिफ्टी ठोकी। 6 ओवर के बाद मुंबई ने 80 रन ठोक दिए थे। रिकेल्टन ने 9वें ओवर में सुनील नरेन को दो छक्के मारकर 24 गेंद पर फिफ्टी पूरी की। इसी ओवर में मुंबई का स्कोर 100 के पार पहुंचा।
रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने केकेआर के लिए फिफ्टी ठोकी
टॉस हारने के बाद पहले खेलने उतरी केकेआर को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। रहाणे ने पहले ओवर में बोल्ट की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर पारी की शुरुआत की। कप्तान हार्दिक पंड्या की चौथे ओवर में लाइन और लेंथ की लगातार गलतियों का फायदा उठाकर केकेआर ने 26 रन बना लिए। 17 गेंद पर 37 रनों की पारी खेलने के बाद एलन पावरप्ले के आखिरी ओवर में शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। केकेआर ने पावरप्ले में 78 रन बनाए।
अंत के ओवर्स में अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंद पर 51 और रिंकू सिंह ने 21 गेंद पर 33 रन बनाकर केकेआर को 220 रनों तक पहुंचा दिया। मुंबई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए। यह मुंबई इंडियंस के लिए उनका डेब्यू मुकाबला था। एक विकेट हार्दिक पंड्या को मिला।