भोपाल में 5 स्टार होटल जैसी सुविधा वाला ‘सांध्य छाया’ ओल्ड एज होम बनकर तैयार, आज मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण

भोपाल: भोपाल में किसी फाइव स्टार होटल की तरह सर्वसुविधायुक्त सांध्य छाया ओल्ड एज होम बनकर तैयार हो गया है। मध्य प्रदेश के वरिष्ठजनों के लिए सामाजिक न्याय दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा 24 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ओल्ड एज होम का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को करेंगे।

भोपाल में यह वृद्धाश्रम पत्रकार कॉलोनी लिंक रोड नंबर तीन पर स्थित है। यह पांच एकड़ से अधिक भूमि पर बना है, इसमें 12 सिंगल बेड, 22 डबल बेड, कुल 34 कमरे हैं। इसमें 56 वरिष्ठजनों के रहने की उत्तम व्यवस्था है। भवन में वातानुकूलित कमरे, टीवी, फ्रिज, गर्म एवं ठंडा पानी, निजी बालकनी की व्यवस्था प्रत्येक रूम में है।

ये सभी सुविधाएं होंगी शामिल

स्वास्थ्य सेवाएं- डॉक्टर परामर्श की सुविधा है। भवन में फिजियोथेरिपी सेंटर, आपातकालीन चिकित्सा सहायता सुविधा भी दी गई है। वरिष्ठजनों के मनोरंजन एवं लाइब्रेरी, ओपन मेस, डाइनिंग हाल ओर वरिष्ठजनों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया पाथ-वे, प्रत्येक कमरे में अटैच बाथरूम, इन सभी में काल बेल, इंटरकाम, टेलीफोन की व्यवस्था दी गई है।

आश्रम में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सांध्य छाया के संचालन में सामाजिक भागीदारी दर्ज कराते हुए सेवा भारती मध्य भारत को इसके संचालन का जिम्मा दो वर्षों के लिए दिया गया है। वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठजन को प्रतिमाह कमरे के आकार के अनुसार पृथक-पृथक राशि देनी होगी।

यह है कमरों का किराया

एक डबल बेड 60 स्का. मीटर कमरा- 39,490 रुपये, डबल बेड 90 स्का. मीटर 43,490 रुपये, डबल बेड 56.5 स्का. मीटर 38,490 रुपये, सिंगल बेड 49.2 स्का. मीटर 49,990 रुपये, सिंगल बेड 35 स्का. मीटर 47,990 रुपये तथा सिंगल बेड 33.5 स्का. मीटर 45,990 रुपये प्रतिमाह चार्ज देना होगा।

Spread the love