रियाद: सऊदी अरब ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए 14,000 से ज्यादा विदेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया है। सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने बताया कि देशभर में चल रहे कैंपेन के तहत एक हफ्ते में 14,206 लोगों को निर्वासित किया गया है। यह कैंपेन रेजिडेंसी, लेबर और बॉर्डर-सिक्योरिटी कानूनों का उल्लंघन करने वालों को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा है। इन उल्लंघनों में खासतौर से यमन और इथोपिया के नागरिक पकड़े गए हैं।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने अपने बयान में बताया है कि 13 से 19 नवंबर के बीच सिक्योरिटी फोर्स ने दूसरी सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया है। इसमें 22,094 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तारियों में रेजिडेंसी नियमों का उल्लंघन करने वाले 13,750, बॉर्डर-सिक्योरिटी नियमों का उल्लंघन करने वाले 4,781 और लेबर कानूनों का उल्लंघन करने वाले 3,624 लोग हैं।
ताबड़तोड़ गिरफ्तारियों का दौर
सऊदी अधिकारियों ने कहा कि 21,856 लोगों को ट्रैवल डॉक्यूमेंट लेने के लिए उनके डिप्लोमैटिक मिशन भेजा गया। इस दौरान 4,555 लोग ट्रैवल प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। सऊदी में गैरकानूनी तरीके से घुसने की कोशिश में 1,867 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 34% यमन के और 65% इथियोपिया के लोग थे। सऊदी अरब से गैरकानूनी तरीके से निकलने की कोशिश में 29 लोग पकड़े गए हैं।
सऊदी सरकार ने कहा है कि नियम तोड़ने वालों की मदद करने या पनाह देने वालों के लिए कड़ी सजा होगी। इसमें 15 साल तक की जेल, 1 मिलियन रियाल तक जुर्माना और प्रॉपर्टी को जब्त करना शामिल है। ऐसे में सभी नागरिकों के कानून की प्रक्रियाओं का पालन करना जरूरी है।