पश्चिम एशिया में सीजफायर से शेयर बाजार बमबम, सेंसेक्स 2,900 अंक उछला

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में सीजफायर और कच्चे तेल में भारी गिरावट से आज एशियाई बाजारों में जबरदस्त उछाल आई है। घरेलू शेयर बाजार पर भी इसका असर दिख रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 2,700 अंक से ज्यादा तेजी आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,000 अंक के करीब पहुंच गया। सुबह 11.10 बजे सेंसेक्स 2950.32 अंक यानी 3.95% तेजी के साथ 77,566.90 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 875.55 अंक यानी 3.79% तेजी के साथ 23,999.20 अंक पर पहुंच गया। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 15 लाख करोड़ रुपये की तेजी के साथ 444 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 तेजी के साथ खुले। इंडिगो के शेयरों में सबसे ज्यादा 9 फीसदी तेजी आई है। इसके अलावा एलएंडटी, अडानी पोर्ट्स, बजाजा फाइनेंस, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक में भी काफी तेजी आई है। दूसरी तरफ टेक महिंद्रा के शेयरों में मामूली गिरावट आई है। रुपया भी डॉलर के मुकाबले 50 पैसे मजबूत हुआ है। यह आज 92.92 पर खुला और फिर मजबूत होकर 92.56 तक पहुंचा। पिछले सत्र में यह 93.06 पर बंद हुआ था।

क्यों उछला शेयर बाजार?

ब्रॉडर बाजार में निफ्टी मिडकैप में 3.24 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 3.15 फीसदी तेजी आई है। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी रही। निफ्टी ऑटो और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में भी तेजी रही। निफ्टी आईटी में सबसे कम तेजी रही। इस बीच कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 13.22 फीसदी गिरावट के साथ 94.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

शेयर बाजार की चाल

  • पश्चिम एशिया में सीजफायर से शेयर बाजार में आई तेजी
  • शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 2,700 अंक से ज्यादा उछला
  • निफ्टी भी 770 अंक की तेजी के साथ 24,000 अंक के पास
  • एशियाई बाजारों में तेजी, जापान का मार्केट 5 फीसदी उछला
  • शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे मजबूत

पिछले सत्र में सेंसेक्स 509.73 अंक यानी 0.69% तेजी के साथ 74,616.58 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 155.40 अंक यानी 0.68% ऊपर 23,123.65 अंक पर बंद हुआ था। शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी आई थी। हालांकि पिछले तीन सत्र में मार्केट में शुरुआती कारोबार में गिरावट आई थी लेकिन बाद में इसमें तेजी आई थी।

Spread the love