सरेंडर नक्सली आज देखेंगे विधानसभा की कार्यवाही:रेड-कार्पेट बिछाकर स्वागत, फूल बरसाए गए

रायपुर, छत्तीसगढ़ के सरेंडर नक्सली आज छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही देखेंगे। माओवादी विचारधारा छोड़ने के बाद पहली बार ये पूर्व नक्सली सदन की कार्यवाही के साक्षी बनेंगे। इससे पहले गुरुवार रात डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने निवास पर इन सरेंडर नक्सलियों से मुलाकात की।

निवास पर उनके लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और फूलों से स्वागत किया गया। वहीं आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पर्यटनऔर संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों से जुड़े सवाल किए जाएंगे।आज प्रश्नकाल के दौरान सदन में अलग-अलग विभागों से जुड़े कई मुद्दे उठाए जाएंगे। विधायक पुन्नूलाल मोहले फसल उत्पादन और परीक्षण में हुए खर्च का मामला उठाते हुए सरकार से विस्तृत जानकारी मांगेंगे।

कुंवर सिंह निषाद घुमंतू पशुओं के रख-रखाव के लिए चलाई जा रही योजनाओं की स्थिति और खर्च को लेकर मंत्री रामविचार नेताम से सवाल करेंगे। विधायक संगीता सिन्हा बजट में शामिल कार्यों की वित्तीय स्वीकृति को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी से जवाब मांगेंगी।

संस्कृति परिषद, आश्रम-छात्रावास और अवैध कॉलोनियों का मुद्दा

खरसिया विधायक उमेश पटेल फ्लाईऐश और कोल्ड डस्ट की अवैध डंपिंग के मामलों में की गई कार्रवाई को लेकर सवाल उठाएंगे। इसके अलावा बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के अंतर्गत आने वाली अकादमियों की जानकारी मंत्री राजेश अग्रवाल से लेंगे।

जबकि लखेश्वर बघेल बस्तर में संचालित आश्रम और छात्रावासों को लेकर जानकारी मांगेंगे। अवैध प्लाटिंग और बिना पंजीयन के चल रही कॉलोनियों का मुद्दा भी प्रश्नकाल में उठेगा। विधायक अनुज शर्मा इसकी जानकारी मंत्री ओपी चौधरी से लेंगे।

बजट पर चर्चा और अशासकीय संकल्प

24 फरवरी को सदन में पेश राज्य बजट पर चर्चा आज भी जारी रहेगी। कार्यसूची में दो अशासकीय संकल्प भी शामिल हैं। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल को सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के रूप में पुनर्स्थापित करने का संकल्प रखेंगे।

वहीं लखेश्वर बघेल बस्तर के आश्रम और छात्रावासों के लिए केंद्र सरकार से विशेष सहायता की मांग का प्रस्ताव सदन में रखेंगे। आज की कार्यवाही में एक ओर सरेंडर नक्सलियों की मौजूदगी रहेगी, वहीं दूसरी ओर विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब और बजट पर चर्चा होगी।

Spread the love