रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर द रिवेंज’ की बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई हो रही है। इसने 11 दिन के अंदर दुनियाभर में 1361.95 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इस मूवी को मिक्स्ड रिव्यूज मिल रहे हैं। कई दिग्गजों ने इसकी तारीफ भी की है और कुछ इसके खिलाफ भी बोल रहे हैं। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा जो इसकी तारीफ करते नहीं थक रहे। उन्होंने अब फिल्म इंडस्ट्री पर इस मूवी के बारे में खामोश रहने के लिए निशाना साधा है। उन्होंने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है और जमकर आलोचना की है।
राम गोपाल वर्मा ने एक्स हैंडल पर आदित्य धर और ‘धुरंधर 2’ को लेकर पोस्ट किया। लिखा, ‘जब आदित्य धर ने फिल्म इंडस्ट्री की नाक के नीचे एक बड़ा धमाका किया है तो पूरी इंडस्ट्री में सन्नाटा पसरा हुआ है। अब ऐसा इसलिए है कि इस धमाके से वो आउटर स्पेस में चले गए हैं कि उनकी तालियों की गूंज सुनाई नहीं दे रही या फिर वो आपस में ही एक-दूसरे से फुसफुसा रहे हैं कि ये तो सिर्फ प्रोपेगेंडा है, जो जल्द ही खत्म हो जाएगा। जिससे वह अपनी पुरानी घिसी-पिटी फिल्में फिर से बनाना शुरू कर सकें।’
‘धुरंधर 2’ पर राम गोपाल वर्मा का ट्वीट
‘रंगीला’ डारेक्टर ने आगे कहा, ’या फिर उनको इस मूवी को देखकर सदमा लगा है कि वो जो भी कुछ बना रहे हैं, या बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं, वो इस मूवी के बराबर नहीं हो सकता। लेकिन क्या धुरंधर 2 जैसी डायनासोर जैसी मूवी को इग्नोर करना समझदारी की बात है? जो आपके सामने खड़ी है और आपके पैरों तले जमीन हिला रही है। कोई इतना बेवकूफ कैसे हो सकता है कि इससे अपना मुंह फेर ले? फिल्म इंडस्ट्री के सभी साथियों को मेरी यही सलाह है कि वो धुरंधर 2 को गंभीरता से लें और इसे फिल्ममेकिंग में फ्रेश कोर्स की तरह पढ़े और खुद को एजुकेट करें, क्योंकि अगर आपने ऐसा नहीं किया तो आप आउटडेटेड हो जाएंगे और इंडस्ट्री में आपका भविष्य खतरे में पड़ सकता है। पुराने सिनेमा की कब्रिस्तान में दफन हो सकते हैं।’
‘धुरंधर 2’ की किन सितारों ने की तारीफ?
बता दें कि एसएस राजा मौली, करण जौहर, ऋषभ शेट्टी, आलिया भट्ट, सोनू सूद, ऋतिक रोशन, रोहित शेट्टी, कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे, मधुर भंडारकर, प्रीति जिंटा, रजनीकांत, अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा समेत अन्य ने आदित्य धर की मूवी की वाहवाही की थी। इसके बारे में पोस्ट भी किया था।
आदित्य धर से मिले थे राम गोपाल वर्मा
राम गोपाल वर्मा ने आदित्य धर और यामी गौतम से उनके घर पर मुलाकात की थी। साथ की एक ग्रुप फोटो पोस्ट करके डायरेक्टर को ‘असली हमजा’ बताया था। कहा था, ‘फिल्म में रील हमजा अली यानी रणवीर सिंह ने पाकिस्तानी आतंकवादियों का खात्मा किया और रियल हमजा यानी आदित्य धर, भारतीय फिल्ममेकर्स को तबाह कर रहे हैं। आतंकवादी अपनी जान बचाने के लिए भाग सकते हैं, लेकिन फिल्ममेकर्स अपनी फिल्मों को उनके टैलेंट से बचाने के लिए कहां भागेंगे?’ इसके पहले भी उन्होंने एक पोस्ट करके कहा था कि ये मूवी इंडियन सिनेमा के लिए रीसेट बटन है। अगर अब आने वाली फिल्मों में बदलाव नहीं हुआ तो लंबे समय टिक पाना मुश्किल होगा।