भोपाल: प्रदेश में कड़ाके की ठंड की विदाई के साथ ही अब सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। मार्च की पहले ही दिन प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। भोपाल में यह 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं खरगोन में पारा 35 डिग्री सेल्सियस को पार पहुंच गया। यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। आने वाले दिनों में और गर्मी बढ़ने की संभावना है
रविवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। आसमान पर बादलों की लुका-छिपी देखने को मिली। खंडवा, शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, मंडला, खजुराहो, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी में दिन का तापमान 33 से 34 डिग्री तक रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा, दिन और रात के तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
राजधानी में बढ़ा रहा है पारा
मार्च के दूसरे दिन भोपाल का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मार्च में राजधानी और आसपास के जिलों का मौसम तेजी से गर्म होता है। पिछले 10 वर्षों में मार्च महीने के दौरान पांच बार भोपाल का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हुआ है। इस बार भी झुलसाने वाली गर्मी के आसार बन रहे हैं।