तीन दिवसीय गिद्ध गणना का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न

बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में आयोजित तीन दिवसीय गिद्ध गणना अभियान का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण पर्यावरणीय गतिविधि के अंतर्गत रिज़र्व के चार उप वनमंडलों के अंतर्गत आने वाले नौ परिक्षेत्रों की कुल 139 बीटों में व्यवस्थित रूप से गणना कार्य किया गया। इस अभियान में लगभग 400 से अधिक फील्ड स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जबकि लगभग 60 अधिकारियों एवं वरिष्ठ वनकर्मियों ने मौके पर उपस्थित रहकर संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया।


इस वर्ष गिद्धों की गणना के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए मोबाइल ऐप Epicollect5 का सहारा लिया जा रहा है। इस डिजिटल माध्यम से गणना से संबंधित आंकड़े सीधे और तत्काल दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।


गणना के पहले दिन के दौरान क्षेत्र में राज गिद्ध, देसी गिद्ध, इजिप्शियन गिद्ध तथा व्हाइट ग्रिफोन गिद्ध की उपस्थिति दर्ज की गई, जो इस क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का संकेत है। गिद्ध पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि वे प्राकृतिक सफाईकर्मी के रूप में कार्य करते हैं।


यह गणना अभियान आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा, जिसके परिणाम वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।

Spread the love